Mandsaur News: नारकोटिक्स का MDMA ड्रग बनाने की फैक्ट्री पर छापा, संतरे के बगीचे में बना रखा था अड्डा
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मंदसौर के खारखेड़ा में एक सुनसान संतरे के बगीचे में एमडीएमए ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। टीम ने 80.96 किलोग्राम रसायन, उपकरण और मशीनरी जब्त की। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। फैक्ट्री से हर महीने 50 किलो ड्रग बन सकता था।
विस्तार
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश की टीम ने मंदसौर जिले के गरोठ तहसील के ग्राम खारखेड़ा में एक संतरे के बगीचे में छापामार कार्रवाई कर एमडीएमए ड्रग बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले रसायन और उपकरण जब्त किए हैं।
सीबीएन की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारखेड़ा के एक सुनसान इलाके में ड्रग फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सोमवार को टीम ने मौके पर दबिश देकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि ड्रग निर्माण के लिए आवश्यक रसायन पास के खेत में गाड़े गए हैं।
बड़ी मात्रा में रसायन और उपकरण बरामद
आरोपी की निशानदेही पर टीम ने खेत से 80.96 किलोग्राम और 7.5 लीटर रसायन बरामद किया। इनमें एसीटोन, टोल्यूनि, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम सल्फेट, सोडियम कार्बोनेट, सल्फ्यूरिक एसिड, ब्रोमीन वाटर, और इथेनॉल जैसे रसायन शामिल हैं। इनसे हर महीने 50 किलोग्राम से अधिक एमडीएमए पाउडर तैयार किया जा सकता था।
उपकरण और मशीनरी भी जब्त
टीम ने ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले यूवी कंट्रोलर, वैक्यूम ओवन, तराजू, टेस्ट-ट्यूब, पिपेट, फ्लास्क, स्टैंड, वाटर पंप और अन्य उपकरण भी जब्त किए।
सुनसान जगह पर थी फैक्ट्री
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री सुनसान इलाके में बनाई गई थी, जहां तक पहुंचने के लिए कोई स्पष्ट मार्ग नहीं था। टीम को अपने वाहन दूर खड़े कर पैदल जाना पड़ा। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है।

कमेंट
कमेंट X