{"_id":"6afaa399369f647c430ccbb9","slug":"omkareshwar-chhath-puja-concludes-on-narmada-banks-as-devotees-offer-prayers-to-the-rising-sun-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"ओंकारेश्वर में लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन: नर्मदा तट पर गूंजे जयकारे, उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ओंकारेश्वर में लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन: नर्मदा तट पर गूंजे जयकारे, उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य
Mon, 16 Nov 2026 12:03 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Mon, 16 Nov 2026 12:03 PM IST
सार
ओंकारेश्वर और बड़वाह के नर्मदा घाटों पर छठ महापर्व की भव्य छटा देखने को मिली। 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन किया।
विज्ञापन
छठ पूजा का समापन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मां नर्मदा के पावन तट पर सोमवार सुबह लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का अद्भुत धार्मिक और आध्यात्मिक दृश्य देखने को मिला। ओंकारेश्वर क्षेत्र के खेड़ीघाट सहित बड़वाह के नावघाटखेड़ी नर्मदा घाट पर बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े सैकड़ों परिवारों ने उदित होते सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन किया। इस दौरान व्रतधारी महिलाएं कमर तक नर्मदा के पवित्र जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना करती नजर आईं। घाटों पर छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
विज्ञापन
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम को व्रतधारी महिलाओं ने नर्मदा तट पर गन्ने का पारंपरिक मंडप सजाया। खेतों में उगे मौसमी फल, पूजा सामग्री और घरों में श्रद्धापूर्वक तैयार किए गए पारंपरिक ठेकुआ का भोग छठी मैया को अर्पित किया गया। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की गई।
विज्ञापन
36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर की सूर्यदेव की आराधना
छठ पूजा के चार दिवसीय विधान के संबंध में पूजा शर्मा ने बताया कि शनिवार को नहाय-खाय और खरना की परंपरा पूरी करने के बाद व्रतधारी महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ किया। रविवार शाम को नर्मदा तट पर छठी मैया का पूजन कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह सप्तमी तिथि पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही इस कठिन व्रत का पारंपरिक रूप से समापन हुआ।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का मुख्य आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार, आठ दिन की रिमांड पर सौंपा, 6 अब भी फरार
जनप्रतिनिधियों ने बांटी मिठाई
छठ पूजा के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता महिम ठाकुर और नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने घाट पर पहुंचकर व्रतधारी महिलाओं को पूजा प्रसादी के लिए मिठाई के पैकेट वितरित किए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पर्व में सहभागिता करते हुए छठी मैया से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर गोपाल मंदिर के महंत हनुमानदास जी महाराज, पूर्व विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति अनिल राय, सर्व ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र पंड्या और ममता पंड्या सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संतान की लंबी उम्र और आरोग्य के लिए कठिन तपस्या
व्रतधारी महिलाओं ने बताया कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि परिवार, संतान और प्रकृति के प्रति आस्था एवं समर्पण का प्रतीक है। छठी मैया को संतान की रक्षा और परिवार के आरोग्य एवं खुशहाली की कामना से जोड़ा जाता है। इसी आस्था के साथ महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य दोनों को अर्घ्य अर्पित करती हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। मां नर्मदा के पावन तट पर उमड़ी श्रद्धा और भक्ति ने एक बार फिर लोक आस्था, पारिवारिक परंपरा और प्रकृति उपासना की अनुपम तस्वीर प्रस्तुत की।

