MP: पन्ना में किराए के मकान में मिला बीएससी छात्रा का शव, युवक पर उकसाने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
पन्ना के राजा बाबू कॉलोनी में किराए से रह रही 19 वर्षीय बीएससी छात्रा का शव फांसी पर मिला। परिजनों ने युवक पर फोन से परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू की।
विस्तार
पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाबू कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा पुष्पा अहिरवार का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने लगाए आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पुरैना निवासी विकास अहिरवार, जो वर्तमान में सागर में रहकर पढ़ाई कर रहा है, पुष्पा को लगातार फोन कर परेशान करता था। इसको लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हो चुका था। मृतका के भाई बृजेश अहिरवार ने बताया कि गुरुवार शाम उन्हें कॉल के माध्यम से बहन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। जब वे राजा बाबू कॉलोनी स्थित मकान पहुंचे, तो उन्होंने पुष्पा को फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजनों ने आशंका जताई है कि फोन पर हुए किसी विवाद के चलते छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पढ़ें: गर्मी में सूख रहे बोरिंग, शहर में रोज 50 एमएलडी पानी की कमी; अब ट्रीटेड वॉटर अनिवार्य
परिवार में मातम
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। कोतवाली पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यदि युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी पहले से थी, तो इसकी शिकायत पहले क्यों नहीं की गई। इस संबंध में परिजनों से भी पूछताछ जारी है।
मोबाइल जब्त, कॉल डिटेल खंगाली जा रही
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X