Satna News: एंबुलेंस में मरीजों की ओवरलोडिंग, नसबंदी के बाद ड्राइवर ने एक गाड़ी में 16 महिलाओं-बच्चों को ठूंसा
मामला सतना के कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का बताया जा रहा है। यहां नसबंदी का कैंप लगाया गया था। इन सभी महिलाओं की नसबंदी करने के बाद घर छोड़ने जा रही एम्बुलेंस चालक ने एम्बुलेंस के अंदर दर्द से कराहती करीब 16 महिलाएं और बच्चों को बैठा लिया।
विस्तार
मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नसबंदी शिविर के दौरान एंबुलेंस में मरीजों की ओवरलोडिंग का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में 108 एंबुलेंस के अंदर 16 महिलाओं और बच्चों को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। इन महिलाओं की नसबंदी के बाद उन्हें घर छोड़ा जा रहा था।
दर्द से कराहती महिलाओं और बच्चों को इस तरह ठूंसकर ले जाने की घटना को देखकर एक शख्स ने वीडियो बना लिया। यह देख एंबुलेंस चालक ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकत कैमरे में कैद हो गई।
लालच में जीवन से खिलवाड़
चालक ने चंद पैसों के लालच में एंबुलेंस की क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया, जिससे उनकी जान को खतरा हो सकता था। यह सब कोठी अस्पताल परिसर में जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ, लेकिन किसी ने इसे रोकने की कोशिश नहीं की।
चालक बर्खास्त, जांच जारी
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सतना सीएमएचओ डॉक्टर एलके तिवारी ने बताया कि जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस के चालक ने अपनी मर्जी से क्षमता से अधिक मरीजों को बैठाया था। इस लापरवाही के कारण चालक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। इस घटना ने स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और लापरवाही को उजागर किया है। जिम्मेदारों से जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।

कमेंट
कमेंट X