MP: शहडोल दौरे पर सीएम मोहन यादव की सौगातों की बरसात, 2300 करोड़ की सोन माइक्रो सिंचाई परियोजना की घोषणा
CM Visit Shahdol: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल दौरे में 2300 करोड़ की सोन माइक्रो सिंचाई परियोजना, वाटर पार्क सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक दिवसीय दौरे पर शहडोल जिले के धनपुरी और ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने जिले को विकास की कई अहम सौगातें दीं। धनपुरी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सच्चा वादा–पक्का काम ही सरकार की पहचान है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
2300 करोड़ की सोन नदी माइक्रो इरीगेशन परियोजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल सिंचाई कॉम्पलेक्स की घोषणा करते हुए बताया कि सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपये की लागत से बुढ़ार, गोहपारू और जयसिंहनगर क्षेत्रों में माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इससे 50 हजार हेक्टेयर से अधिक सिंचाई रकबा बढ़ेगा और 122 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे खेती समृद्ध होगी।
धनपुरी में अत्याधुनिक वाटर पार्क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने धनपुरी नगर परिषद द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वाटर पार्क, स्विमिंग पूल और क्लब हाउस का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल मनोरंजन बल्कि स्थानीय पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश नदियों का मायका है, जहां 250 से अधिक नदियां बहती हैं। वर्ष 2002 से 2023 के बीच सिंचाई रकबा 7.5 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर हो चुका है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए 30 लाख सोलर पंप वितरित किए जाएंगे। महिला सशक्तिकरण के लिए लाडली बहना योजना, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
नई घोषणाएं और आधारभूत विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गीता भवन निर्माण, जैतपुर को नगर पंचायत बनाने, शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि, 160 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण, नए महाविद्यालय की स्थापना और 3 किलोमीटर मॉडल रोड निर्माण की घोषणाएं कीं। साथ ही जयसिंहनगर में बायपास निर्माण और ब्यौहारी-जयसिंहनगर के बीच औद्योगिक विकास केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
गंधिया में माता शबरी प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शबरी माता की भक्ति सनातन संस्कृति का प्रतीक है। विंध्य की यह भूमि भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़ी हुई है और सरकार विरासत से विकास की राह पर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने गंधिया और सीतामढ़ी को धार्मिक व पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
पढे़ं: हिंदू नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाया, असली पहचान उजागर होने पर शुरू की ब्लैकमेलिंग; पकड़ा गया आवेश
पर्यटन, स्वास्थ्य और प्रशासनिक घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने संजय टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ब्यौहारी की ओर नया प्रवेश द्वार खोलने, बुड़वा स्वास्थ्य केंद्र को 30 बिस्तर अस्पताल में उन्नत करने और आमडीह उपतहसील को तहसील में उन्नयन का आश्वासन दिया।
लोक सहभागिता और सांस्कृतिक स्वागत
समारोह स्थल पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक आदिवासी शैला और करमा नृत्य से स्वागत किया गया। उन्होंने कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला
धनपुरी में मंच से मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे 2023 में जनता ने कांग्रेस को घर बैठाया, वैसे ही 2028 में भी बैठाना है। उन्होंने सुदामा–कृष्ण की मित्रता का उदाहरण देते हुए सच्ची दोस्ती और सहयोग का संदेश दिया। लाड़ली बहना योजना पर कांग्रेस की आलोचना को लेकर सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार बहनों को 1500 रुपए दे रही है, जिससे कांग्रेस घबराई हुई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के धनपुरी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। हाथीडोल हीरा कॉलोनी के पास कुछ युवकों ने कारकेड के सामने प्रदर्शन किया कुछ देर के लिए सी एम का काफिला रुक गया , जिसे देख सीएम के काफिले में चल रहे सुरक्षाकर्मी वाहनों से उतरे और विरोध कर रहे लोगों को हटाया। लेकिन काले झंडे दिखाते हुए कांग्रेसियों ने मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू किया, जिसमें शहडोल कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने उन्हें हटाने के लिए डंडे भांजे हैं जिसका वीडियो सामने आया है।इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में 40 कार्यकर्ताओं ने बीईओ कार्यालय बुढ़ार के सामने नारेबाजी की, जिन सभी को पुलिस ने बुढार थाने लाया था।
मंच से विधायक जयसिंह ने कहा , इधर मेरा भी ध्यान रखिए
धनपुरी में कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक जयसिंह मरावी के उद्बोधन के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल आपस में चर्चा कर रहे थे। इस पर विधायक ने मजाकिया लहजे में अपनी मांगों की सूची दिखाते हुए कहा, इधर मेरा भी ध्यान रखिए। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुरा दिए। बाद में मांगें रखते समय हंसी पर विधायक ने कहा मैं मांगे रख रहा हूं और आप हंस रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X