{"_id":"69f615cf315d38832c0b58fc","slug":"storm-wreaks-havoc-in-shivpuri-walls-and-trees-collapse-woman-and-teenager-fall-from-roof-shivpuri-news-c-1-1-noi1454-4235832-2026-05-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shivpuri News: शिवपुरी में आंधी का कहर, दीवार-पेड़ गिरे, महिला-किशोरी छत से गिरीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shivpuri News: शिवपुरी में आंधी का कहर, दीवार-पेड़ गिरे, महिला-किशोरी छत से गिरीं
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
Published by: शिवपुरी ब्यूरो
Updated Sat, 02 May 2026 10:24 PM IST
विज्ञापन
सार
शिवपुरी में तेज आंधी-बारिश से भारी नुकसान हुआ। दीवारें गिरीं, पेड़ उखड़े, वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई लोग घायल हुए, जिनमें छत से गिरी किशोरी व महिला शामिल हैं। कुछ गांवों में आग भी लगी। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
आंधी तूफान ने मचाया कहर
विज्ञापन
विस्तार
शिवपुरी जिले में शुक्रवार शाम अचानक आई तेज आंधी ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। करीब एक घंटे चली आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहर से लेकर गांव तक नुकसान के मंजर दिखे। आंधी के बाद हुई बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। हवाओं के झोंके में छत पर मौजूद एक किशोरी और एक महिला पहली मंजिल से नीचे गिरकर घायल हो गईं।
Trending Videos
शहर के पोलोग्राउंड की पुरानी दीवार तेज हवा में भरभराकर गिर गई। मलबे के नीचे खुडा बस्ती के बृजेंद्र उर्फ गोलू, रन्नौद के गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। बस स्टैंड पर राजस्थान से आए बादल आदिवासी के सिर में हवा में उड़ी कोई वस्तु लगने से वे घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसा: रेस्क्यू टीम ने दो बच्चों के शव बरामद किए, अब तक 11 लोगों की मौत; सर्चिंग जारी
सबसे हैरान करने वाली घटना फतेहपुर क्षेत्र में हुई, जहां 16 वर्षीय अनुरती तेज हवा के झोंके से छत से नीचे आ गिरी। गौशाला क्षेत्र में रामदेवी लोधी भी आंधी की चपेट में आकर छत से गिर गईं। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों खतरे से बाहर हैं।
माधव चौक स्थित सुभात मस्जिद के पास विशाल नीम का पेड़ गिरने से दो बाइक और एक स्कूटी दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। पोस्टमार्टम हाउस के पास पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरा। कोतवाली के सामने भी पेड़ धराशायी हो गया। इंडस्ट्रियल एरिया में कार पर पेड़ गिरने से वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। छत्री रोड पर तारों के टकराने से पेड़ में करंट फैल गया और चिंगारियां उठने लगीं, जिससे लोग दहशत में आ गए।
पुराने बस स्टैंड पर तेज हवा ने फल विक्रेता का हाथ ठेला पलट दिया। फल सड़क पर बिखर गए। परशुराम चौराहे पर नगर पालिका का भारी लोहे का होर्डिंग करीब 60 डिग्री तक झुक गया। प्रशासन ने एहतियातन रास्ता बंद कर दिया है। कोलारस के पूरनखेड़ी टोल प्लाजा NH-46 पर हाईमास्ट लाइट का विशाल पोल टूटकर पास के होटल पर गिर गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। नरवर तहसील के इमलिया, सिमरिया और पारागढ़ गांव में आंधी के बीच आग भड़क गई। आग ने कई कच्चे घरों को चपेट में ले लिया। चार दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर आग बुझाने में जुटे। ग्रामीणों की मदद से 50 फीसदी आग पर काबू पाया गया, लेकिन कई जगह लपटें अब भी उठ रही हैं। आंधी-बारिश के इस तांडव ने जिले में डर का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पेड़, होर्डिंग और कच्ची दीवारों से दूर रहें।

आंधी तूफान ने मचाया कहर

आंधी तूफान ने मचाया कहर

आंधी तूफान ने मचाया कहर

कमेंट
कमेंट X