Raja Raghuvanshi Case: राजा के भाई ने कहा- जब से सोनम जेल से बाहर आई, तब से लड़कियां पति का मर्डर कर रहीं
राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कराने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अब 21 जुलाई को सुनवाई होगी। पीड़ित परिवार ने सुप्रीम कोर्ट से न्याय की उम्मीद जताते हुए जमानत रद्द करने की मांग दोहराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की वारदात में आरोपी उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करवाने के लिए मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन कुछ कारणों के चलते अब सुनवाई 21 जुलाई को होगी।
इधर, इंदौर में रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से पूरी उम्मीद है। उनका विश्वास है कि 21 जुलाई को होने वाली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कर देगा।
विपिन रघुवंशी ने कहा कि जब से सोनम रघुवंशी जमानत पर बाहर आई है, उसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में पत्नियों द्वारा अपने पतियों की हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। उनका कहना है कि यह केवल हत्या नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच विश्वास की भी हत्या है।
विपिन ने कहा कि शादी के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं, लेकिन सोनम ने जिस तरह अपने पति की हत्या की, उसने उस विश्वास को तोड़ दिया। उनका यह भी कहना है कि इसके बाद कई अन्य महिलाओं द्वारा भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। यदि सोनम को कड़ी सजा नहीं मिली, तो आने वाले समय में इस तरह की घटनाएं जारी रह सकती हैं।
ये भी पढ़ें- Supreme Court: भोजशाला परिसर में नमाज पर रोक जारी, राज्य सरकार को परिसर के पास नई जगह देने का निर्देश
'छोटा भाई समझकर माफ कर दें'
वहीं, विपिन रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी के वकील से भी माफी मांगी है। गौरतलब है कि इससे पहले विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि सोनम को नेपाल भागने में उसके वकील का भी हाथ था। अब उन्होंने अपने उस बयान पर खेद जताते हुए वकील से माफी मांगी और कहा कि उन्हें छोटा भाई समझकर माफ कर दें। फिलहाल, राजा रघुवंशी के परिजनों को अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार है।
क्या था राजा रघुवंशी हत्याकांड?
यह मामला तब सामने आया जब 12 मई 2025 को शादी के बाद राजा रघुवंशी और सोनम 23 मई को मेघालय में हनीमून के दौरान लापता हो गए। दोनों को आखिरी बार एक होमस्टे से चेकआउट करते हुए देखा गया था। कुछ दिन बाद उनकी किराये की स्कूटी सोहरारिम के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद 2 जून को लापता होने के करीब 10 दिन बाद राजा रघुवंशी का शव ईस्ट खासी हिल्स जिले में वीसावडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई से बरामद हुआ।
वहीं, 8 जून तक लापता रही सोनम रघुवंशी वाराणसी-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर एक ढाबे के पास मिली। बाद में मेघालय पुलिस ने कहा कि सोनम और 21 वर्षीय राज कुशवाहा को राजा रघुवंशी की हत्या के मुख्य आरोपियों में माना जा रहा है। राज्य पुलिस इस मामले में 700 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा ने हत्या की साजिश रची थी।
