MP: छात्रावास पर केंद्रीय मंत्री के हाथ लगी कच्ची रोटियां, गुणवत्ता पर सवाल; क्या फटकार से सुधरेंगे ये हालात?
डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। कच्ची रोटियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
विस्तार
डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से छात्रावास परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान मंत्री सीधे छात्रावास की मेस में पहुंचे, जहां छात्राओं के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।
मंत्री ने भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं रोटियां उठाकर देखीं। इस दौरान कुछ रोटियां कच्ची पाई गईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। मंत्री ने मौके पर मौजूद रसोइए को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि छात्राओं को अपनी बेटियों की तरह समझें और उन्हें घर जैसा पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Live MP Assembly Session Live: विधानसभा बजट सत्र का छठा दिन आज, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का प्रदर्शन
व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर बिजली, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया।
छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद
इस दौरान पृथ्वीपुर नगर परिषद की अध्यक्ष नीलू केशव खटीक सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री के इस औचक निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने मंत्री की पहल की सराहना करते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X