फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   simhastha 2028 ujjain vegetable flower production 15 districts farmers

सिंहस्थ 2028: सब्जियों-फूलों की कमी रोकने की तैयारी, 15 जिलों के 20 हजार किसानों को जोड़ने की योजना

Sat, 24 Oct 2026 11:04 AM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Published by: उज्जैन ब्यूरो Updated Sat, 24 Oct 2026 11:04 AM IST
सार

सिंहस्थ महाकुंभ 2028 के दौरान उज्जैन में सब्जियों और फूलों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उद्यानिकी विभाग ने व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश के करीब 15 जिलों में 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सब्जियों और फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

विज्ञापन
simhastha 2028 ujjain vegetable flower production 15 districts farmers
सिंहस्थ 2028 की तैयारी जारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार धार्मिक नगरी उज्जैन में बड़े पैमाने पर विकास कार्य करवा रही है। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों और पुलों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं मां शिप्रा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर 29 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण भी जारी है। सिंहस्थ की तैयारियों के बीच अब उद्यानिकी विभाग ने सब्जियों और फूलों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत उज्जैन सहित प्रदेश के करीब 15 जिलों में कुल 16 हजार हेक्टेयर भूमि पर सब्जियों और फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। योजना से 20 हजार से अधिक किसानों को जोड़ने की तैयारी है, ताकि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय बाजारों की मांग के अनुसार सब्जियों और फूलों की आपूर्ति की जा सके।

विज्ञापन

15 जिलों में 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने की तैयारी

उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक केएस मंडलोई के अनुसार, सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान सब्जियों और फूलों की बड़ी मांग रहती है। इसे देखते हुए विभाग ने दो साल पहले से ही योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के करीब 15 जिलों में सब्जियों और फूलों का उत्पादन बढ़ाने की तैयारी की गई है। सब्जियों की खेती के लिए उज्जैन संभाग के उज्जैन, आगर मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों को शामिल किया गया है। इन जिलों में करीब आठ हजार हेक्टेयर क्षेत्र में संकर (हाइब्रिड) सब्जियों का उत्पादन करने की योजना है। यहां उत्पादित सब्जियों को सिंहस्थ मेले के दौरान उज्जैन तक पहुंचाया जाएगा।

विज्ञापन


वहीं, फूलों की खेती के लिए उज्जैन, इंदौर, देवास, आगर मालवा, खंडवा, छतरपुर, मैहर और दतिया जिलों में आठ हजार हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इस तरह सब्जियों और फूलों के उत्पादन के लिए कुल 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र तैयार किया जाएगा। विभाग गुलाब सहित अन्य फूलों की खेती को भी प्रोत्साहित करेगा, ताकि महाकुंभ के दौरान इनकी मांग पूरी की जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

किसानों का चयन कर दिया जा रहा प्रशिक्षण

योजना के तहत सबसे पहले किसानों का चयन किया गया है और अब उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सब्जियों और फूलों की खेती के लिए चुने गए क्षेत्रों में विशेष क्लस्टर बनाए जाएंगे, ताकि किसान संगठित तरीके से उत्पादन कर सकें। किसानों को यह भी बताया जा रहा है कि गर्मी और बारिश के मौसम में फसलों को बीमारियों से कैसे बचाया जाए और उत्पादन को बेहतर बनाए रखने के लिए कौन-से उपाय अपनाए जाएं। क्लस्टर आधारित व्यवस्था के माध्यम से किसानों को खेती की बेहतर तकनीक अपनाने में मदद मिलेगी। विभाग का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान मांग के अनुरूप सब्जियों और फूलों की उपलब्धता बनाए रखना है, ताकि बाजार में इनकी कमी न हो।

संग्रहण केंद्र, ग्रेडिंग-पैकिंग और कोल्ड स्टोरेज की होगी व्यवस्था

सिंहस्थ के दौरान खेतों से सब्जियों और फूलों को समय पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाना विभाग के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए क्लस्टर के आसपास संग्रहण केंद्र, ग्रेडिंग-पैकिंग और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे उत्पादों को सुरक्षित रखने और जरूरत के अनुसार बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में सब्जियों और फूलों की मांग, उत्पादन और आपूर्ति से जुड़ी जानकारी दर्ज रहेगी। इसी रिकॉर्ड के आधार पर यह पता लगाया जा सकेगा कि किस जिले से कितनी मात्रा में सब्जियां और फूल उज्जैन पहुंच रहे हैं। यदि किसी जिले से पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाती है, तो दूसरे जिलों से सब्जियां और फूल मंगाकर मांग पूरी करने की व्यवस्था की जाएगी। परिवहन की योजना भी इसी जानकारी के आधार पर तैयार की जाएगी, ताकि महाकुंभ के दौरान उत्पाद समय पर बाजार और उपभोक्ताओं तक पहुंच सकें।

40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान, सब्जियों की मांग बड़ी चुनौती

सिंहस्थ महाकुंभ 2028 में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए सब्जियों की नियमित आपूर्ति महत्वपूर्ण होगी। विभाग की योजना में प्रतिदिन करीब 13 हजार टन सब्जियों की संभावित जरूरत का उल्लेख किया गया है। इस अनुमान के अनुसार, दो महीने के दौरान करीब आठ लाख टन सब्जियों की आवश्यकता पड़ सकती है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed