LPG Crisis: उमरिया में गैस बुकिंग सिस्टम फेल, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सिलिंडर के लिए चार दिन से भटक रहे लोग
LPG Crisis: उमरिया जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। टोल फ्री नंबर पर कॉल कनेक्ट नहीं होने और सर्वर समस्या के चलते लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। जिले की एजेंसियों और गैस गोदामों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जहां कई उपभोक्ता घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं।
विस्तार
उमरिया जिले में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण लोग सिलिंडर के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि टोल फ्री नंबर पर कभी टेक्निकल इश्यू बताया जा रहा है तो कई बार कॉल ही कनेक्ट नहीं हो रहा, जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
चार दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे उपभोक्ता
जिले के उमरिया और बिरसिंहपुर पाली दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ता एक जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। गैस बुकिंग नहीं हो पाने के कारण लोग सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं, जहां लंबी कतारें लग रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले तीन से चार दिनों से सिलिंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल पाई है। उधर, उमरिया जिले के गैस गोदामों में भी उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही लोग खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े नजर आए।
खाली हाथ लौटने को मजबूर उपभोक्ता
जिले में कुल 12 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाती है, लेकिन जिला मुख्यालय की प्रमुख एजेंसियों पर इन दिनों हालात ज्यादा खराब हैं। एनएच-43 स्थित चपहा की गैस एजेंसी में सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। कई उपभोक्ता घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं। एक उपभोक्ता ने बताया कि वह लगातार दो दिनों से एजेंसी आ रहा है, लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिल पाया है। घर में गैस खत्म हो चुकी है और परिवार को खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। वहीं उपभोक्ता मुकेश प्रजापति ने बताया कि वे तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
बुकिंग न होने से बढ़ी परेशानी
उमरिया स्थित गैस एजेंसी में भी लगभग यही स्थिति बनी हुई है। यहां भी उपभोक्ताओं को बुकिंग नहीं हो पाने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए फोन लगाने पर कॉल नहीं लगती, और जब लगती है तो तकनीकी समस्या का संदेश सुनाई देता है। इस संबंध में एजेंसी ऑपरेटरों का कहना है कि सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण बुकिंग और गैस वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। जैसे ही सर्वर की समस्या दूर होगी, स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: सराफा की रंगत पर पड़ने लगा है गैस संकट का असर, भुट्टे का किस और गराडू हुए ठंडे
'आम लोगों को भुगतना पड़ रहा खामियाजा'
हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि इस तरह की समस्याएं बार-बार सामने आ रही हैं और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि गैस कंपनियां जल्द से जल्द बुकिंग सिस्टम को दुरुस्त करें, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। गैस बुकिंग सिस्टम फेल, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सिलेंडर के लिए 3-4 दिन से भटक रहे उपभोक्ता
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X