{"_id":"69a41cc54ea598746b0b4834","slug":"a-dead-snake-was-found-in-the-drinking-water-pipeline-endangering-peoples-lives-vidisha-news-c-1-1-noi1454-4005233-2026-03-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Vidisha News: लोगों की जान के साथ खिलवाड़, पेयजल पाइपलाइन से निकला मरा हुआ सांप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Vidisha News: लोगों की जान के साथ खिलवाड़, पेयजल पाइपलाइन से निकला मरा हुआ सांप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा
Published by: विदिशा ब्यूरो
Updated Sun, 01 Mar 2026 09:59 PM IST
विज्ञापन
सार
गंज बासौदा के शिवनगर कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन से मरा हुआ सांप मिलने पर हड़कंप मच गया। रहवासियों ने दूषित पानी से स्वास्थ्य खतरे की आशंका जताते हुए पाइपलाइन जांच, जल गुणवत्ता परीक्षण और नगर पालिका की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।
पानी की टंकी से मृत सांप मिलने से हड़कंप मच गया।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
गंज बासौदा शहर के वार्ड नंबर 21 स्थित राजोदा रोड की शिवनगर कॉलोनी में नगर पालिका की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां घर-घर पेयजल आपूर्ति के लिए डाली गई अंडरग्राउंड पाइपलाइन से एक मरा हुआ सांप निकलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद रहवासियों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल बना हुआ है।
Trending Videos
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवनगर कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से पानी की सप्लाई बाधित हो रही थी। एडवोकेट हिमांशु कुशवाह के घर के समीप अनिल दुबे के मकान में लगे नल कनेक्शन में पानी का प्रेशर अचानक कम हो गया और फिर पूरी तरह बंद हो गया। स्थानीय लोगों ने इसे पाइपलाइन चोक होने की समस्या समझकर नगर पालिका को सूचना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सूचना मिलने पर नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और संबंधित स्थान पर खुदाई कर पाइपलाइन की जांच शुरू की। पाइपलाइन खोलने पर कर्मचारियों के होश उड़ गए, जब उसके अंदर से एक मरा हुआ सांप बरामद हुआ। सांप के सड़ जाने से पाइपलाइन में तेज दुर्गंध फैल रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- भोजपुर मंदिर में नवविवाहित जोड़े को वरमाला से रोका, वीडियो वायरल, ASI नियमों पर छिड़ी बहस
रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो दूषित पानी की आपूर्ति से कोई बड़ी स्वास्थ्य संबंधी घटना भी हो सकती थी। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर अंडरग्राउंड पाइपलाइन में सांप कैसे पहुंचा और नियमित निरीक्षण क्यों नहीं किया गया। नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा पाइपलाइन डालने के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे वार्ड की पाइपलाइन की तत्काल जांच कराई जाए और जल की शुद्धता की लैब जांच कराई जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से भी पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बता दें कुछ दिन पहले इंदौर में भी दूषित पानी पीने से 37 लोगों की मौत हो गई थी। नेता प्रतिपक्ष जगदीश व्यास में बताया नगरपालिका सीएमओ एवं जनप्रतिनिधि लापरवाही कर रहे हैं। इनको शिकायत करने के बाद भी ध्यान नहीं देते हैं।

कमेंट
कमेंट X