Monthly Horoscope October 2021 In Hindi: नया महीना अक्तूबर आरंभ हो गया है। इस महीने में ग्रहों के राशि परिवर्तन होने के साथ कई महत्वपूर्ण त्योहार भी मनाएं जाएंगे। हिंदू पंचांग के अनुसार नया महीना दशमी तिथि और पुष्य नक्षत्र के साथ शुरू हो रहा है। अक्तूबर महीने के पहले सप्ताह में शारदीय नवरात्रि शुरू हो जाएंगे। फिर इसके बाद विजयदशमी, शरद पूर्णिमा, करवचौथ जैसे प्रमुख त्योहार आएंगे। इसी महीने में न्याय के कारक ग्रह शनि भी मकर राशि में वक्री से मार्गी हो जाएंगे जिसका प्रभाव सभी राशियों पर देखने को मिलेगा। शनि के अलावा इस महीने में सूर्य, बुध, शुक्र और मंगल ग्रह का भी राशि परिवर्तन होगा। ऐसे में अक्तूबर के महीने में कई राशि के जातकों का भाग्योदय होगा। नौकरी करने वालों का अच्छे प्रस्ताव मिलेंगे और व्यापार करने वालों के लिए भी इस महीने अच्छे संकेत हैं। आइए जानते हैं अक्तूबर के महीने में सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा समय... पढ़ते हैं अक्तूबर माह का राशिफल।
Masik Rashifal October 2021: करियर, आर्थिक और सेहत के नजरिए से कैसा रहेगा अक्तूबर का महीना, पढ़ें मासिक राशिफल
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए अक्टूबर महीने का पूर्वार्द्ध कुछ संघर्षपूर्ण रहने वाला है। बने बनाए कार्यों में कुछ एक बाधाएं आ सकती हैं। ऐसे में सावधानीपूर्वक कार्य करें। पार्टनरशिप में काम करने वालों को धन संबंधी मामलों को सही तरीके से निबटाते हुए चलना ठीक रहेगा। इस दौरान गुप्त शत्रुओं से विशेष रूप से सावधान रहना होगा। धन सोच समझकर खर्च करें अन्यथा आर्थिक दिक्कतें आ सकती हैं। मास के उत्तरार्द्ध में धीरे-धीरे परिस्थितियां अनुकूल होने लगेंगी, जिससे आत्म-विश्वास में वृद्धि होगी। इस दौरान आर्थिक मामलों में आ रही परेशानियों पर नियंत्रण बनाए रखें, अन्यथा अधिक मुश्किल में फंस सकते हैं। किसी वरिष्ठ की मदद से संपत्ति संबंधी विवादों को सुलझाने में सफलता मिलेगी। दांपत्य जीवन की बात करें तो माह के पूर्वार्द्ध में कुछेक समस्याएं आ सकती हैं। ससुराल पक्ष से किसी बात को लेकर तनातनी हो सकती है। इस दौरान स्थिति को विवाद की बजाय संवाद से संभालने का प्रयास करें। हालांकि माह के मध्य तक हालात कुछ सामान्य हो जाएंगे और पति-पत्नी के मध्य दांपत्य सुख व सहयोग में वृद्धि होगी। इस दौरान प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। पारिवार के साथ समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। इस माह आपको अपने पेट का बहुत ख्याल रखना होगा, अन्यथा पाचन तंत्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं उभर सकती हैं। पिता की सेहत को लेकर भी मन चिंतित रहेगा।
उपाय : मंगलवार के दिन मंगल ऋण स्तोत्र का पाठ करें। गुड़ और आटा दान करें।
वृष
यह मास आपके लिए मिलाजुला साबित होगा। माह की शुरुआत में जहां करिअर कारोबार में प्रगति होगी और बहुप्रतीक्षित प्रमोशन मिल सकता है, वहीं माह के मध्य में कार्य की अधिकता के चलते शारीरिक और मानसिक थकान दोनों ही बनी रहेगी। इस दौरान आपको महत्वपूर्ण कार्यों को निबटाते समय धैर्य और साहस को बनाए रखना होगा। साथ ही किसी के बहकावे में आकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना होगा। माह के दूसरे सप्ताह में सामाजिक क्षेत्र में नई जान-पहचान बढ़ेगी। माह के उत्तरार्ध में कार्यक्षेत्र में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। व्यवसाय से जुड़े हुए लोगों को अपने व्यवहार में सकारात्मक सुधार करने की आवश्यकता रहेगी। पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचें। इस दौरान सोचसमझकर ही किसी कागज में हस्ताक्षर करें। प्रेम संबंधों की दृष्टि से माह की शुरुआत शुभ साबित होगी। विवाहित जातकों के दांपत्य जीवन में जहां खुशियां बनी रहेंगी वहीं प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। माह की शुरुआत में आप अपने जीवनसाथी या लव पार्टनर के साथ आउटिंग पर जा सकते हैं। माह के उत्तरार्ध में संतान पक्ष को लेकर कोई बड़ी चिंता सताएगी। इस दौरान छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है। छोटी मोटी दिक्कतों को यदि छोड़ दें तो सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय : चीटियों को सूर्यास्त से पहले आटा डालें और प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें।
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए सितंबर के मुकाबले अक्टूबर का महीना अधिक शुभ होने जा रहा है। इस माह की शुरुआत में ही विभिन्न स्रोतों से लाभ के योग बनेंगे। करिअर कारोबार में रही बाधाएं दूर होंगी। थोड़ा सा प्रयास करने पर ही पहले से रूके हुए कार्यों में गति आ जायेगी। माह के मध्य में उतावलेपन से बचना होगा। इस दौरान आपके विरोधी आपको नीचा दिखाने की कोशिश कर सकते हैं, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो पाएंगे। नौकरी करने वाले लोगों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की कोशिश करनी चाहिए। इस दौरान कार्यों में सफलता के लिए आपको हार्ड वर्क के साथ स्मार्ट वर्क भी करना होगा। भूमि भवन के क्रय विक्रय का निर्णय खूब सोच समझकर लें। इस माह की शुरुआत में आपके प्रेम संबंधों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा। किसी महिला मित्र की मदद से गलतफहमियां दूर होंगी और लव पार्टनर के साथ संबंध मजबूत होंगे। दांपत्य सुख में वृद्धि होगी। निजी जीवन में दूसरों के अनावश्यक हस्तक्षेप से बचें। अपनी दिनचर्या को सुव्यवस्थित रखें और ईश्वर साधना आराधना में अपना मन लगाएं।
उपाय : बुधवार के दिन किसी किन्नर को हरे रंग के वस्त्र और साज श्रृंगार का समान दान करें। गणपति की प्रतिदिन साधना आराधना करें।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए अक्टूबर मास की शुरुआत अत्यंत शुभ साबित होगी। माह के प्रारंभ में ही नौकरीपेशा लोगों को मनचाहा प्रमोशन या फिर तबादला होने की संभावना है। व्यापार से जुड़े लोगों का बाजार में फंसा धन अप्रत्याशित रूप से निकल आयेगा। आय के नये स्रोत बनेंगे। इष्ट मित्रों के सहयोग से कोई रूका हुआ कार्य बन सकता है। हालांकि आपको अपनी व्यक्तिगत मान प्रतिष्ठा को लेकर हमेशा सजग रहना होगा। माह के मध्य में लंबी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी। इस दौरान आपको अपनी वाणी पर पूरा नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा आपके बनते हुए काम बिगड़ सकते हैं। आपको इस माह अपनी सेहत के साथ मां की तबीयत का भी पूरा ख्याल रखना होगा। शरीर के जोड़ों में दर्द की शिकायत हो सकती है। माह के उत्तरार्ध में संपत्ति खरीदने या बेंचने की योजना बन सकती है। कोई भी बड़ा निर्णय लेते समय किसी वरिष्ठ की राय लेना न भूलें। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आयेगी और लव पार्टनर के साथ आपसी तालमेल बढ़िया होगा। दांपत्य जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी। सगे संबंधियों के साथ सकारात्मक व्यवहार बढ़ेगा।
उपाय : बृहस्पतिवार के दिन मंदिर में ब्राह्मण को भोजन, वस्त्र व दक्षिणा सहित दान करें। हल्दी या पीले चंदन का तिलक लगाएं।
