सरकार Electric Vehicles (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स) को बढ़ावा दे रही है। और लोगों की भी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को लेकर दिलचस्पी भी बढ़ी है। इसके मद्देनजर आने वाला साल 2020 ऑटो सेक्टर के लिए बेहद खास होने वाला है। क्योंकि तमाम कंपनियां भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के भविष्य की संभावना को देखते हुए अपनी नई-नई इलेक्ट्रिक गाड़ियां लॉन्च करेंगी। जिसका आगाज इसी साल 2019 में हो चुका है। कई कंपनियों ने युवाओं को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों से इसकी शुरुआत भी कर दी है। हम आपको बता रहे हैं कि इस साल लॉन्च हुए इलेक्ट्रिक टूव्हीलर्स के बारे में।
Year Ender 2019: इस साल इन टॉप इलेक्ट्रिक बाइक्स और स्कूटर्स की हुई एंट्री, 160 किमी तक है रेंज!
Ultraviolette F77
बेंगलुरु की कंपनी Ultraviolette ऑटोमोबाइल ने हाई परफॉरमेंस वाली F77 इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च की है। इस बाइक की खासियत है यह सिंगल चार्ज पर रेंज 150 किमी है। इस बाइक की पावर से अंदाजा लगाया जा सकता है इसकी बैटरी की परफॉरमेंस 200 से 250 सीसी बाइक्स के बराबर है। अल्ट्रावॉयलेट F77 में एयर-कूल्ड ब्रशलेस DC मोटर लगाई है, जो 33.5 बीएचपी की पावर पैदा करती है। इसकी टॉप स्पीड 147kmph है। इसे भारत में अब तक की सबसे तेज बाइक कहा जा रहा है। यह बाइक 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में 2.9 सेकंड का समय लेती है, वहीं वहीं 0-100 किमी/घंटा स्पीड पकड़ने में इसे 7.5 सेकंड का समय लगता है।
इसमें तीन राइडिंग मोड हैं। पहला ईको मोड, दूसरा स्पोर्ट और तीसरा इन्सेन मोड। इन मोड्स से इसके पहियों को दमदार 450 एनएम टॉर्क मिलता है। इस इलैक्ट्रिक मोटरसाइकल में स्लिम और मॉड्युलर लीथियम-आयन बैटरी लगाई गई है। जो सिंगल चार्ज में 130-140 किमी तक चलती है। कंपनी के मुताबिक बाइक की ऑनरोड कीमत तीन लाख रुपये से साढ़े तीन लाख रुपये तक है।
Revolt RV400
RV400 इलेक्ट्रिक बाइक में 3kW की मोटर और 3.24kW लिथियम आयन-बैटरी दी गई है। इसकी टॉप स्पीड 85 किलोमीटर प्रति घंटा है। एक बार फुल चार्ज होने पर 156 किलोमीटर तक चलेगी। इसे बाइक के साथ मिलने वाले चार्जिंग केबल के साथ रेग्युलर 15 ऐंपीयर प्लग पॉइंट पर चार्ज किया जा सकता है। यानी इस बाइक को आप कही भी चार्ज कर सकते हैं। बाइक की बैटरी पर 8 साल या 1.5 लाख किलोमीटर की वॉरंटी है। इसके अलावा कंपनी 3 साल या 30 हजार किलोमीटर तक फ्री मेनटेनेंस का फायदा दे रही है।
इसके अलावा बाइक्स पर 5 साल या 75 हजार किलोमीटर तक की वॉरंटी और फ्री इंश्योरेंस मिलेगा। RV400 की एक्स-शोरूम कीमत 98,999 रुपये है। वहीं कंपनी के यूनीक पेमेंट प्लान के तहत RV 400 के शुरुआती मॉडल के लिए ग्राहक को हर महीने 3,499 रुपये और टॉप मॉडल के लिए 3,999 रुपये देने होंगे। ये पेमेंट सिर्फ 37 महीने तक देनी होगी।
22Kymco iFlow
ताइवानी कंपनी 22Kymco ने भारत के बाजार में अब तक का सबसे पावरफुल स्कूटर लांच किया है। इनमें iFlow एक इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसे पहली बार 2018 के ऑटो एक्सपो में शोकेस किया गया था। यह स्कूटर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को सपोर्ट करेगा। iFlow स्कूटर 6 रंगों रोग मैट ब्लू, फ्यूरी रेड, राइजिन ब्लैक, मून लाइट सिल्वर और व्हाइट डोव रंग मे मिलेगा। वहीं इसके बूट में दो हेलमेट रखे जा सकते हैं।
स्कूटर में क्रूज और ड्रैग मोड के साथ रिवर्स असिस्ट मोड भी मिलेगा। सिंगल चार्जिंग में स्कूटर को 160 किमी की दूरी तय कर सकता है और इसकी टॉप स्पीड 60 किमी प्रति घंटा है। वहीं यह मात्र 0.4 सेकेंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। इसमें 2.1 KW की मोटर लगी होगी, जो 90 एनएम का टॉर्क देगी। इसमें हल्के वजन वाली लीथियम आयन बैटरी लगी हुई हैं, जिनका वजन 5 किग्रा होगा और मात्र 1 घंटे में फुल चार्ज हो जाएंगी और केवल 30 सेकेंड में बैटरी बदली जा सकती है। कंपनी ने इसकी कीमत 90 हजार रुपये रखी है।
Okinawa Lite
इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी Okinawa स्कूटर्स ने कम कीमत में नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। कंपनी ने इस स्कूटर को महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रख कर लॉन्च किया है। इस स्कूटर में अलग हो सकने वाली लीथियम आयन बैटरी लगी हुई है। कंपनी इस स्कूटर की मोटर और बैटरी पर तीन साल की वारंटी दे रही है। इस स्कूटर में 250 वॉट की वाटरप्रूफ BLDC मोटर लगी है, जिसे 40 वोल्ट की 1.25 kWh की लीथियम आयन बैटरी पावर देती है। यह बैटरी एंटी थेफ्ट फीचर के साथ आती है।
कंपनी ने Okinawa Lite की एक-शोरूम कीमत 59,990 रखी है। इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा है और फुल चार्जिंग पर यह 50 से 60 किमी तक की दूरी तय कर लेता है। वहीं बैटरी फुल चार्जिंग में चार से पांच घंटे का वक्त लेती है।