महामारी के चलते ऑटो कंपनियों की बिक्री थोड़ी सुस्त चल रही है। वहीं सबकॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी है। कंपनियां भी गाड़ियों की बिक्री बढ़ाने के लिए कई तरह के ऑफर्स पेश कर रही हैं। आइए जानते हैं जुलाई में सब 4-मीटर सेगमेंट की गाड़ियों पर क्या हैं ऑफर...
इन छोटी SUV गाड़ियों पर जुलाई में मिल रही है शानदार छूट, बस कुछ ही दिन हैं बाकी
मारुति विटारा ब्रेजा
मारुति अपनी बेस्ट सेलर एसयूवी पर 20 हजार रुपय़े तक का एक्सचेंज बोनस दे रही है। जनवरी महीने में विटारा ब्रेजा का पांच लाख गाड़ियों की बिक्री का आंकड़ा पार किया था। ब्रेजा की हर महीने 10 हजार से ज्यादा यूनिट्स बिकती थीं। वहीं अब ब्रेजा की बिक्री गिर गई है, इसकी वजह है ह्यूंदै वेन्यू। इसके अलावा ब्रेजा में डीजल इंजन का न होना भी प्रमुख वजह रहा है। जून में ब्रेजा की 4542 यूनिट्स की ही बिक्री हुई। वहीं पांच अगस्त को छोटी एसयूवी किआ सोनेट से पर्दा उठ रहा है, जिसका असर ब्रेजा पर पड़ना स्वभाविक है।
टाटा नेक्सन
बात करते हैं देश की सबसे पहली सुरक्षित सबकॉम्पैक्ट एसयूवी की, तो टाटा नेक्सन को ग्लोबल NCAP सेफ्टी रेटिंग में 5-स्टार मिल चुके हैं। वहीं टाटा नेक्सन की खरीद पर कंपनी 10 हजार रुपये तक के फायदे दे रही है। इसमें पांच हजार रुपये तक का कारपोरेट डिस्काउंट के अलावा पांच हजार रुपये तक के दूसरे फायदे मिलेंगे।
फोर्ड इकोस्पोर्ट
फोर्ड ने ही इस सेगमेंट में सबसे पहले एंट्री की थी और सबसे पहली सबकॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च की थी। हालांकि जुलाई में कंपनी की तरफ से कोई सीधे छूट ऑफर नहीं की जा रही है, लेकिन डीलरशिप के स्तर पर कुछ डिस्काउंट जरूर दिए जा रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर की कुछ डीलरशिप्स पर इकोस्पोर्ट पर 20 हजार रुपये तक का कैश डिस्काउंट, 15 हजार रुपये तक का एक्सचेंज बोनस और 10 हजार रुपये तक का कारपोरेट डिस्काउंट मिलेगा।
महिंद्रा XUV300
महिंद्रा XUV300 को ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। सबकॉम्पैक्ट एसयूवी XUV300 पर 75 हजार रुपये तक की छूट मिल रही है। इसमें XUV300 के पेट्रोल वैरिएंट पर 30 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट है। साथ ही पांच हजार रुपये तक की एसेसरीज, 25 हजार रुपये तक का एक्सचेंज बोनस, पांच हजार रुपये तक का कारपोरेट डिस्काउंट और इंश्योरेंस के प्रीमियम पर 10 हजार रुपये तक की छूट मिलेगी। XUV300 का मुकाबला ह्यूंदै वैन्यू और टाटा नेक्सन से है।
