Auto Expo 2023: ऑटो एक्सपो 2023 में Maruti ने दिखाई नई एसयूवी Fronx, जानें क्या हैं खूबियां
मारुति की ओर से ऑटो एक्सपो में एक और नई एसयूवी को पेश किया गया है। यह एसयूवी किन फीचर्स के साथ बाजार में आएगी। आइए जानते हैं।
मारुति की ओर से ऑटो एक्सपो 2023 में जिस दूसरी एसयूवी को पेश किया गया है। वह फ्रॉन्क्स है। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कंपनी की ओर से फ्रॉन्क्स को ऑफर किया जा रहा है। Maruti Suzuki Fronx को मारुति की प्रीमियम हैचबैक कार बलेनो का क्रॉसओवर अवतार भी कहा जा रहा है। खास बात यह होगी कि इसमें पहली बार मारुति 1.0 लीटर टर्बो इंजन देगी।
फ्रॉन्क्स की बात करें तो यह कंपनी की ओर से एकदम नई एसयूवी है। इसे कंपनी की ओर से पांच वैरिएंट में पेश किया जा रहा है। इनमें सिग्मा, डेल्टा, डेल्टा प्लस, जेटा और एल्फा हैं। इसे भी जिम्नी की तरह ही सिंगल और ड्यूल टोन कलर स्कीम में पेश किया गया है। मोनो टोन में पांच कलर के विकल्प और ड्यूल टोन में तीन रंगों के विकल्प के साथ यह एसयूवी मिलेगी। इसमें आर्कटिक वाइट, अर्थन ब्राउन, ओपलनट रेड और सिल्वर कलर शामिल हैं।
कैसा है इंजन
फ्रॉन्क्स में कंपनी की ओर से दो इंजन का विकल्प दिया गया है। पहला इंजन 1.2 लीटर का के सीरीज इंजन है जबकि दूसरे विकल्प के तौर पर एक लीटर का के-सीरीज टर्बो इंजन है। 1.2 लीटर के ड्यूल जेट वीवीटी इंजन से एसयूवी को 89.73 पीएस की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलेगा। इसे भी आइडल स्टार्ट/स्टॉप तकनीक के साथ जोड़ा गया है। 1.2 लीटर इंजन के साथ एसयूवी में पांच गियर मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प भी मिलता है।
एक लीटर के के-सीरीज टर्बो इंजन से एसयूवी को 100.06 पीएस की पावर और 147.6 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इस इंजन के साथ मिलने वाली एसयूवी में आइडल स्टार्ट/स्टॉप, रीजनरेटिव ब्रेकिंग, इलेक्ट्रिक टॉर्क असिस्ट तकनीक को ऑफर किया जा रहा है। इसके साथ ही एसयूवी में पांच स्पीड मैनुअल और छह स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प दिया जा रहा है। दोनों तरह के इंजन के साथ एसयूवी में 37 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है। आगे के पहियों में डिस्क और पीछे के पहियों के लिए ड्रम ब्रेक दिए गए हैं। एसयूवी में 195/60 आर16 के टायर मिलेंगे।
फ्रॉन्क्स की लंबाई 3995 एमएम है और इसकी चौड़ाई 1765 एमएम, ऊंचाई 1550 एमएम, व्हीबेस 2520 एमएम है। इसका टर्निंग रेडियस 4.9 मीटर है। इसमें 308 लीटर का बूट स्पेस मिलता है।