अगर आप नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, लेकिन कंफ्यूज हैं कि कौन सी कार खरीदी जाए जो ज्यादा माइलेज दे सकती है। ऐसे में ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) के अनुसार कई ऐसी कारें हैं जो बेहतर माइलेज वाली हैं और आपके बजट में हैं। बता दें कि पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए ज्यादातर लोग ज्यादा माइलेज वाली कारों को पसंद कर रहे हैं। ताकि उनकी जेब पर ज्यादा बोझ न पड़े। हाल ही में बीएस6 उत्सर्जन मानक भी लागू हुए हैं। इसके तहत बीएस4 इंजन को बीएस6 में अपग्रेड किया गया है। जानते हैं टॉप माइलेज देने वाली कारों के बारे में...
ये टॉप-5 BS6 पेट्रोल कारें देती हैं 24.12 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज, दाम 2.92 लाख रुपये से शुरू
Maruti Suzuki Dzire AMT- 24.12 किमी प्रति लीटर
मारुति सुजुकी डिजायर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली कारों में से एक है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत की बात करें, तो यह 5.89 लाख रुपये से लेकर 8.81 लाख रुपये तक है। कंपनी ने इसका फेसलिफ्ट वर्जन, जिसमें 1.2 लीटर K12B पेट्रोल इंजन को 1.2 लीटर K12C इंजन से बदल दिया है। यह पहले से 7 हॉर्स पावर ज्यादा शक्तिशाली हो गया है। डिजायर के 5 मैनुअल वर्जन का माइलेज 23.26 किमी प्रति लीटर है, जबकि 5 स्पीड ऑटोमौटिक में 24.12 किमी प्रति लीटर का माइलेज मिलता है।
Maruti Suzuki Baleno/Toyota Glanza- 23.87 किमी प्रति लीटर
ग्लैंजा और बलेनो दोनों अलग-अलग कंपनी की गाड़ियां हैं लेकिन इन्हें बनाया मारुति ने है। टोयोटा ग्लैंजा को रीबैज करके बेच रही है। इन दोनों गाड़ियों की कीमत में भी बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। टोयोटा ग्लैंजा की शुरुआती कीमत 7.22 लाख रुपये है। वहीं बलेनो की शुरुआती कीमत 7.33 लाख रुपये है। ARAI के मुताबिक इनमें 23.87 किमी प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। इनमें 1.2 लीटर का इंजन है। इसके साथ में इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर और 12 वोल्ट बैटरी भी दी गई है। दोनों में ही 83 हॉर्स पावर वाला 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन लगा है।
Renault Kwid 1.0 AMT- 22.5 किमी प्रति लीटर
यह रेनो की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक है। रेनो क्विड 54 बीएचपी वाले 0.8 लीटर और 68 हॉर्स पावर वाले 1.0 लीटर इंजन में उपलब्ध है। इसके 1.0 लीटर पेट्रोल ऑटोमैटिक में 22.5 किमी प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। जबकि 0.8 लीटर वाले मॉडल में 22.3 किमी प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। वहीं 1.0 लीटर 5 स्पीड मैनुअल मॉडल में 21.7 किमी प्रति लीटर का माइलेज मिलता है। बाजार में इस गाड़ी की एक्स-शोरूम कीमत 2.92 लाख रुपये से 5.01 लाख रुपये तक है।
Maruti Suzuki Alto- 22.05 किमी प्रति लीटर
मारुति सुजुकी कंपनी की यह एंट्री लेवल हैचबैक मॉडल है। ऑल्टो की कीमत की बात करें तो यह 2.95 लाख रुपये से 3.90 लाख रुपये तक है। वहीं इसके सीएनजी वैरिएंट की कीमत 4.33 लाख रुपये से 4.36 लाख रुपये तक है। यह मॉडल काफी पसंद किया जाता है। इसमें 48 हॉर्स पावर वाला 0.8 लीटर का पेट्रोल इंजन है, जो 22.05 किमी प्रति लीटर का माइलेज देता है। बता दें कि यह कार एक किलो गैस में 31.59 किलोमीटर तक चलती है।