देशभर में रोजाना किसी ना किसी इलाके में मानूसन और प्री-मानसून की बरसात हो रही है। मौसम विभाग की तरफ से रोजाना बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के ज्यादातर इलाकों में सक्रिय हो चुका है, लेकिन उत्तरी क्षेत्रों में पहुंचने में उसकी रफ्तार कम हो गई है। हालांकि, उत्तरी क्षेत्रों में भी प्री-मानसून बरसाते हो रही हैं। नेपाल और बिहार में हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, तो वहीं झारखंड, बंगाल समेत पूर्वी भारत में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
ज्ञान की बात: जानिए दुनियाभर के उन खास जगहों के बारे में, जहां सबसे अधिक होती है बारिश
मासिनराम, मेघालय
भारत के मेघालय में स्थित मासिनराम एक ऐसा गांव है, जहां दुनियाभर में सबसे अधिक बारिश होती है। मासिनराम एक पहाड़ी स्थान है, जहां हिमालय की चोटियां बंगाल की खाड़ी से आने वाले बादलों को रोक लेती हैं और ये बादल बरस जाते हैं। यहां औसतन सालाना बारिश 11,871 मिलीमीटर होती है।
चेरापूंजी, मेघालय
चेरापूंजी भी मेघालय में ही स्थित है, जो मासिनराम से करीब 15 किलोमीटर दूर है। चेरापूंजी दुनिया का दूसरा सबसे नम स्थान है और यहां सालाना करीब 11,777 मिलीमीटर तक बारिश होती है। गर्मी के मौसम में भी यहां का तापमान 23 डिग्री तक जाता है और मानसून आते ही जोरदार बारिश से मौसम ठंडा हो जाता है।
टटेंडो, कोलंबिया, दक्षिण अमेरिका
दक्षिण अमेरिका में स्थित कोलंबिया का तापमान वैसे तो काफी गर्म रहता है, लेकिन यहां कुछ ऐसे इलाके भी हैं, जो बारिश के लिए जाने जाते हैं। कोलंबिया के टटेंडो नामक एक छोटे स्थान पर सालाना 11,770 मिलीमीटर बारिश होती है।
क्रोप्प नदी, न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड में स्थित क्रोप्प नदी 9 किलोमीटर लंबी है। वैसे इस देश में मौसम तो काफी सूखा रहता है, लेकिन क्रोप्प नदी के आसपास के इलाकों में बहुत तेज बारिश होती है। यहां सालाना 11,516 मिलीमीटर बारिश होती है।