लालबत्ती के बाद VIP कल्चर की आखिरी निशानी की भी जल्द विदाई हो जाएगी। इसके बाद सभी एक समान हो जाएंगे।
दरअसल, लाल बत्ती के बाद अब माननीयों का हूटर भी जाएगा। राज्य सरकार ने वीआईपी कल्चर की आखिरी निशानी हूटर को भी खत्म करने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद जल्द ही ट्रांसपोर्ट विभाग इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर देगा।
कांग्रेस ने अपने चुनावी मेनिफेस्टो में राज्य से वीआईपी कल्चर खत्म करने का वादा किया था। सूबे में सबसे पहले यह बात वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने की थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब के प्रमुख के तौर पर उन्होंने लोगों से यह वादा किया था।
कांग्रेस में आने के बाद वह मेनिफेस्टो कमेटी के कनवीनर थे। इस वादे को उन्होंने अहमियत दी। सरकार के गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में लाल बत्ती खत्म कर पंजाब ने देश के मिसाल कायम की थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश और फिर केंद्र सरकार ने इसका अनुसरण किया।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री को फीडबैक मिला था कि लाल बत्ती हटने के बाद भी माननीयों का रुतबा कायम है। अब वह अपने वीआईपी होने के सबूत के तौर पर हूटर का प्रयोग कर रहे हैं। इसके बाद हूटर को भी खत्म करने का फैसला किया गया है।