तेज रफ्तार के कारण एक पिता और उसके सात साल के बेटे की जान चली गई जबकि मां की हालत गंभीर है। यह परिवार मोहाली से लौट रहा था। सेक्टर 34 गुरुद्वारे के पास इनकी तेज रफ्तार एक्टिवा पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट भी टूट गया। हादसा गुरुद्वारे के सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सभी को जीएमसीएच 32 पहुंचाया, जहां पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
साथ गई पिता-पुत्र की जान, आज ही था पापा का बर्थडे, पढ़ें- कैसे मौत से हारी मासूम की जिद
मृतक की पहचान (मूलरूप पठानकोट स्थित दशहरा ग्राउंड) सेक्टर 29 निवासी प्रवीण मेहरा (35) व रोहन (7) और घायल ज्योति (34) के रूप में हुई है। हादसा सोमवार देर रात करीब 12 बजे का है। मूलरूप से पठानकोट निवासी प्रवीण सेक्टर 29 में किराए के मकान में दो बेटे रोहन, मयंक (12) और पत्नी ज्योति के साथ रहता था। प्रवीण के भतीजे ने बताया कि प्रवीण पहले सेक्टर 22 में सूप समेत अन्य खाने पीने की रेहड़ी लगाता था लेकिन नगर निगम के अतिक्रमण हटाने के बाद वह मोहाली के 3 बीआरडी में दुकान लगाने लगा।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक्टिवा से पत्नी और रोहन के साथ दुकान गया था। रात करीब पौने बारह बजे दुकान बंद कर एक्टिवा से वापस सेक्टर 20 स्थित पत्नी ज्योति के घर जा रहा था। वहां से उन्हें बड़े बेटे मयंक को लेकर घर जाना था। सेक्टर 34 स्थित गुरुद्वारे के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार एक्टिवा अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर पोल से टकराकर तीनों बुरी तरह से जख्मी हो गए। प्रवीण और रोहन के सिर में गंभीर चोट लगी। जबकि उनकी एक्टिवा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
रोहन ने कहा था, आज सर्दी है, मां आज मुझे मत ले जाओ
घायल ज्योति की बहन रेखा ने बताया कि रोहन सेक्टर 20 स्थित गवर्नमेंट मॉडल स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। छुट्टी के बाद वह अक्सर सेक्टर 20 स्थित में उनके घर आ जाता था। रोहन की मां ज्योति मोहाली जाने से पहले बड़े बेटे मयंक को उनके घर छोड़कर रोहन को ले जाती थी। सोमवार को जब परिवार दुकान पर जाने लगा तो रोहन ने जिद की कि वह दुकान पर नहीं जाएगा सर्दी ज्यादा है लेकिन ज्योति नहीं मानी और उसे साथ ले गई।
हेलमेट चकनाचूर, सिर में लगी गंभीर चोट
सेक्टर 34 थाना प्रभारी बलदेव और एएसआई हरभजन सिंह ने मौका मुआयना किया। एक्टिवा पर दुकान का सामान और कैरेट भी था। मौके पर एक चकनाचूर हेलमेट मिला है। पास में लगे सीसीटीवी में साफ दिख रहा था कि घटना के वक्त एक्टिवा की गति काफी ज्यादा थी, जिससे अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई।
प्रवीण का 24 दिसंबर को था 35वां जन्मदिन
प्रवीण मेहरा के दो भाई और हैं। रेखा ने बताया कि प्रवीण की शादी वर्ष 2004 में ज्योति के साथ हुई थी। प्रवीण चंडीगढ़ में रहकर अपना काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह नशे का आदी था। प्रवीण का 24 दिसंबर को 35वां जन्मदिन था। इसके लिए घर में जन्मदिन की तैयारी भी चल रही थी। अब परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने पठानकोट निवासी परिजनों को सूचित कर दिया है।
