पहले टी-20 में करारी हार के बाद टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की अगुआई में शानदार वापसी की और कीवियों से हार का बदला लिया। ऑकलैंड में खेले गए दूसरे टी-20 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। आइए जानते हैं रोहित ने जीत के क्या कहा?
टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान रोहित ने 29 गेंद में 50 रन बनाकर शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और चार छक्के भी लगाए। न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टी-20 में रोहित की पहली जीत है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में शानदार वापसी करते हुए रोहित ने मैच के बाद कि यह नतीजा उन्हें गलतियों से जल्दी सीख लेने से हासिल हुआ। उन्होंने कहा, 'यह देखकर खुशी हो रही है कि हमने ऐसी गेंदबाजी की और हमने बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया। हमारी टीम में बेहतरीन खिलाड़ी हैं लेकिन हमने अपनी गलतियों से सीख लेने के बाद आज अपनी योजना पर बेहतर अमल किया।'
उन्होंने कहा, 'हमने जो गलतियां की, उन्हें समझना बहुत महत्वपूर्ण था। यह दौरा हम सभी के लिए काफी लंबा रहा। इसलिए हम खिलाड़ियों पर काफी दबाव नहीं डालना चाहते थे, हम बिना किसी दबाव के मैदान पर उतरना चाहते थे। तीसरा टी-20 मैच निर्णायक होगा, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम भी बेहतरीन है।'
बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर्स में आठ विकेट खोकर 158 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी और क्रुणाल पांड्या की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर 18.5 ओवर में 3 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज 1-1 से बराबरी कर ली। इस दौरान पंत ने नाबाद 40 रन बनाए। दोनों टीमों के बीच तीसरा टी-20 10 फरवरी को हैमिल्टन में खेला जाएगा।