Rohit-Virat: क्या 2027 का विश्वकप नहीं खेलेंगे रोहित-विराट, दिसंबर में घरेलू ODI सीरीज में कुछ बड़ा होगा?
रोहित और विराट कोहली दोनों ही इस टीम में हैं, लेकिन सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर। मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर बड़ा बयान दिया। आइए जानते हैं, उन्होंने क्या कहा और इसके क्या मायने हैं...
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म है। फैंस का मानना है कि रोहित और विराट दोनों दिसंबर में घरेलू जमीन पर होने वाली भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के बाद संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। यह सीरीज भारत में ही खेली जाएगी। इसके तीन मैच 30 नवंबर, 3 दिसंबर और छह दिसंबर को होंगे। कई फैंस का कहना है कि छह दिसंबर को होने वाला तीसरा वनडे शायद दोनों दिग्गजों का टीम इंडिया के लिए आखिरी घरेलू मैच साबित हो सकता है।
यानी कहीं न कहीं यह संकेत है कि भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ी मिलकर किसी बड़े फैसले की तैयारी में हैं। भारत को हालफिलहाल में ज्यादा वनडे सीरीज नहीं खेलनी है। ऐसे में दोनों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्मा है कि रोहित और विराट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घर में दर्शकों के सामने वनडे क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही रोहित और विराट सीमित ओवरों में चयन को लेकर चर्चा में रहे हैं। अब जब नई कप्तानी गिल को मिल गई है और अगरकर ने भविष्य पर संदेह जताया है, तो यह कयास और मजबूत हो गए हैं कि दिसंबर की सीरीज दोनों के लिए ‘फेयरवेल’ हो सकती है। कुछ महीने पहले यह भी बात सामने आई थी कि गिल को टेस्ट कप्तानी सौंपने से पहले चयनकर्ताओं ने रोहित और विराट से उनके वनडे में भविष्य को लेकर भी बातचीत की थी। तभी से अटकलों का बाजार गर्म है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पिछले एक दशक से भारतीय क्रिकेट की रीढ़ रहे हैं। रोहित ने बतौर कप्तान भारत को कई सीरीज जीत दिलाई हैं, जबकि विराट ने कप्तान और बल्लेबाज, दोनों रूपों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। अगर दिसंबर में दोनों एक साथ संन्यास लेते हैं, तो यह न केवल भावनात्मक पल होगा, बल्कि एक युग का अंत भी माना जाएगा। फैंस पहले ही सोशल मीडिया पर ‘थैंक यू रोहित-विराट’ ट्रेंड कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वे अभी संन्यास न लें और 2027 वनडे विश्व कप खेलें और जीतें। हालांकि, वह कहा जाता है न 'हर अच्छी चीज का कभी न कभी अंत होता ही है।'
जब विश्व कप 2027 होगा, तब हिटमैन रोहित शर्मा 40 साल के और विराट कोहली 38 साल के होंगे। चूंकि फिलहाल यह जोड़ी सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही सक्रिय हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज दूर है, ऐसे में अभी तो यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद चयनकर्ता उन्हें अपनी योजनाओं में रखते हैं या नहीं, खासकर तब जब वे पहले से ही अगले विश्व कप की तैयारी शुरू कर चुके हैं। हालांकि, अगरकर ने रोहित और विराट (रो-को) पर भरोसा जताया कि वे टीम का मार्गदर्शन आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों अब भी ड्रेसिंग रूम में लीडर की भूमिका निभा रहे हैं। अगरकर ने कहा, “वे वर्षों से अपना काम करते आ रहे हैं। वे अब भी ड्रेसिंग रूम में लीडर हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने बेहद सफलता हासिल की है। यह टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गई है, इसलिए अभी बहुत आगे सोचने की जरूरत नहीं है।'