भारतीय टीम ने क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलियाई धरती पर जाकर कोई टेस्ट सीरीज जीती है। चार मैच की यह सीरीज 2-1 से भारत के नाम रही। इस ऐतिहासिक जीत के बाद दुनिया भर में कप्तान कोहली और उनकी टीम की वाहवाही हो रही है। तारीफ में कसीदे जड़े जा रहे हैं। आइए एक नजर दिखाते हैं पूर्व और वर्तमान दिग्गजों के बयानों पर...
आसमां से लेकर पाताल तक टीम इंडिया की जय-जयकार, पेश हैं ये 7 दिलखुश बयान
चेतेश्वर पुजारा (मैन ऑफ द सीरीज)
यह हम सबके लिए शानदार अहसास है। हमने विदेशों में सीरीज जीतने के लिए कड़ी मेहनत की और ऑस्ट्रेलिया में शृंखला जीतना कभी आसान नहीं रहा। मैं जिन भारतीय टीमों का हिस्सा रहा उनमें यह सर्वश्रेष्ठ है। मैं टीम के सभी साथियों को बधाई देता हूं।
सुनील गावस्कर (पूर्व कप्तान)
ऑस्ट्रेलियाई टीम अगर डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ के बिना खेली तो यह भारत की गलती नहीं है। भारत के सामने जो टीम उतारी गई वह उससे खेला और यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस टीम और पूर्व की टीमों में मुख्य अंतर फिटनेस का है। हम भी जीत के लिए खेले थे लेकिन फिटनेस के मामले में यह टीम भिन्न स्तर पर है और कप्तान इसमें उदाहरण पेश करता है।
बिशन सिंह बेदी (पूर्व कप्तान)
भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की हार से उबरकर इस शानदार जीत के लिए बधाई। ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर हराना वास्तव में शानदार उपलब्धि है। चेतेश्वर पुजारा और जसप्रीत बुमराह ने निरंतरता दिखाई। पूरी टीम की प्रतिबद्धता से मिली जीत।
वीवीएस लक्ष्मण (पूर्व भारतीय खिलाड़ी)
ऑस्ट्रेलिया में इस ऐतिहासिक जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई। यह संपूर्ण टीम के प्रयासों का नतीजा है। खिलाड़ियों ने मैदान पर जो कुछ किया वह आनंद और संतुष्टि की असीम अनुभूति प्रदान करता है। आओ इस विशेष जीत का जश्न मनाएं।
