बजट 2018: रेल यात्रियों को मिली बड़ी राहत, जानिए क्या मिलेगी सुविधाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेल भाड़ा न बढ़ने से यात्रियों को राहत तो मिली है, लेकिन रेल सेवाओं को लेकर बजट से उत्तराखंड की आस टूट गई। न तो नई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा हुई और न ही रेल विस्तारीकरण का तोहफा मिला। केंद्र सरकार ने यात्रियों पर आर्थिक बोझ डाले बिना ही आधारभूत ढांचा व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर ज्यादा फोकस किया है।
बजट में बिना किराया बढ़ाए रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और नई ब्रॉडगेज लाइनों के निर्माण करने की घोषणा को पूर्वांचल जन संघर्ष समिति के संरक्षण महेश पांडे ने सराहनीय कदम बताया। हालांकि, देहरादून व हरिद्वार से पूर्वांचल के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने के साथ ही गोरखपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के माध्यम से भी केंद्रीय रेल राज्य मंत्री को पत्र भेजा गया था।
देहरादून रेलवे स्टेशन के निदेशक हर्ष स्वरूप कहते हैं कि बजट में सबसे बड़ी बात यह है कि बिना किराया बढ़ोत्तरी कर यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस किया गया है। स्टेशनों के साथ ही सभी ट्रेनों में सीसीटीवी लगाने का बजट में प्रावधान किया गया है। इससे यात्रियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
इसके साथ ही सभी स्टेशनों पर स्वचालित सीढ़ियां लगाने, ब्रॉडगेज रेल लाइनों का निर्माण व 600 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्टेशन बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। बजट में इसका प्रावधान करने से इसका लाभ उत्तराखंड को मिलेगा। स्टेशन अधीक्षक करतार सिंह का कहना है कि बजट में रेल यात्रियों को सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर फोकस किया गया। 3600 किलोमीटर रेल लाइन नवीनीकरण करने से आने वाले समय में उत्तराखंड में भी रेल लाइन का सुधार होगा।