राजधानी के ज्यादातर क्षेत्रों में मंगलवार शाम करीब एक घंटे तक आसमान से आफत बरसी। तेज बारिश से शहर की तमाम सड़कें नालों में तब्दील हो गई। कई कॉलोनियों और लोगों के घरों में पानी भर गया। बादलों की गड़गड़ाहट, तेज बारिश और चारों तरफ पानी भरने से लोग भी सहम उठे। इस दौरान एक घंटे में करीब 81 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण शहर की ज्यादातर सड़कों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
Photos: एक घंटे तक टूटकर बरसे बादल, उफान पर आए नदी-नाले, तेज सैलाब देखकर सहमे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार सुबह राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। स्कूल खुलने के समय बारिश होने से स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। हालांकि करीब एक घंटे बाद बारिश थम गई। इस अवधि में करीब 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद पूरे दिन लगभग सभी क्षेत्रों में धूप खिली रही। शाम करीब साढ़े चार बजे एक बार फिर मौसम में बदलाव होने लगा और हल्की बारिश शुरू हो गई। करीब 4.50 बजे बहुत तेज बारिश शुरू हो गई जो लगभग एक घंटे तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 81 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पूरे दिन में करीब 129 मिमी बारिश हुई।
बारिश से शहर की लगभग सभी सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश से लोग सहम उठे। सड़कों पर पानी भरा होने के कारण जगह-जगह जाम लग गया। पानी और गड्ढ़ों के कारण कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हुए। करीब एक घंटे बाद बारिश बंद होने से लोगों को राहत मिली। बारिश के दौरान रिस्पना-बिंदाल समेत शहर की सभी नदियों और नालों में उफान आ गया।
इससे दोनों नदियों के तटों पर बसी मलिन बस्तियों में पानी भर गया। कुछ स्थानों पर लोगों के मकानों को खतरा भी पैदा हो गया। पानी का स्तर बढ़ने पर कुछ स्थानों पर पुलिस ने स्थानीय लोगों को हटाया। इसके अलावा बरसाती नालों में भी पानी का स्तर बहुत अधिक बढ़ गया। एकाएक हुई बारिश के बाद शहर की लगभग सभी सड़कों में घुटनों तक पानी भर गया। घंटाघर, महाराजा अग्रसेन चौक, रेलवे स्टेशन, रिस्पना पुल, सुभाष रोड, कर्जन रोड, नेशविला रोड, न्यू रोड, द्वारिका स्टोर, इंदर रोड, प्रीतम रोड, रायपुर रोड, नालापानी रोड, कांवली इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।