यहां फिर से शुरु हुई बर्फबारी, मौसम भी हुआ सुहावना, तस्वीरें देखिए...
केदारनाथ धाम में बर्फबारी होने से ठिठुरन बढ़ गई है। जबकि जिला मुख्यालय सहित अन्य निचले इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। शनिवार को सुबह से मौसम साफ रहा। इस दौरान केदारनाथ में चटक धूप खिली रही। लेकिन दोपहर बाद तीन बजे से यहां बादल छाने लगे और कुछ देर बाद हल्की-हल्की बर्फबारी शुरू हो गई।
धाम में 26 जनवरी को भी दोपहर बाद कुछ देर के लिए बर्फबारी हुई। केदारनाथ में मौजूद निम के देवेंद्र सिंह बिष्ट व पुलिस चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि मंदिर सहित केदारपुरी क्षेत्र में करीब सवा फीट बर्फ मौजूद है। इधर, रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि में दिनभर धूप खिली रही।
जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर पर्यटकों की ओर से वाहन अनियंत्रित खड़े करने से शनिवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों के सुचारु संचालन के लिए पुलिस को करीब छह घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। उसके बाद भी मार्ग पर देर शाम तक वाहन रेंगकर चलते रहे।
बर्फबारी के बाद से औली में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से यहां वाहनों का जमावड़ा लग गया है। जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर पाला जम रहा है। शनिवार को पाले के कारण वाहन आगे नहीं चल पाए तो पर्यटकों ने मार्ग पर अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े कर दिए जिससे जाम लग गया। मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण पुलिस को यातायात सुचारु करने में करीब छह घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।