फरीदाबाद में शनिवार रात हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया था। वहीं, रविवार को सूर्य की तपिश ने लोगों को परेशान किया। बारिश के कारण शहर के नाले और नालियां चोक हो गए। सड़कें भी ‘तालाब’ में तब्दील हो गईं। अंडरपास में पानी भर जाने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। कुछ देर की बारिश ने शहर की सूरत बदल डाली। बारिश के साथ-साथ पानी निकासी को लेकर निगम के दावे भी धुल गए। जिले में रविवार को 23.3 एमएम बारिश दर्ज की गई।
राहत के बाद बारिश बनी आफत: ‘तालाब’ में तब्दील हुईं सड़कें, पानी से लबालब अंडरपास; लगा लंबा जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में निगम, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड सहित चार बड़ी सिविल एजेंसियां हैं। हर साल बारिश से पहले सिविक एजेंसियों द्वारा जलभराव से निपटने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। नाले और सीवर की सफाई पर करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन कुछ देर की बारिश में ही सभी दावे धुल जाते हैं। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश में भी यही हाल देखने को मिला। शनिवार रात हुई बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। औद्योगिक नगरी की अधिकतर सड़कें ‘तालाब’ में तब्दील हो गईं। सड़कें और नालों का पता लगाना मुश्किल हो गया। पानी भरने से निगम की टूटी-फूटी सड़कों में वाहन भी फंस गए। जलभराव से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। कृषि विभाग के अनुसार, रविवार को 23.3 एमएम बारिश दर्ज की गई।
सड़कों पर दो से तीन फीट तक भरा पानी
बारिश के बाद शहर की प्रमुख सड़कों का बुरा हाल हो गया। सड़कों पर पानी भरने से नाले और मार्गों का पता लगाना मुश्किल था। सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। सबसे बुरी स्थिति गुरुद्वारा रोड, डबुआ कॉलोनी 60 फीट रोड, एयरफोर्स रोड, 30 फीट रोड, सेक्टर-23, संजय कॉलोनी, आयशर चौक, एनएच-2, एनएच-3, जीवन नगर, गौंछी, सेक्टर-55, एनएचपीसी चौक, सेक्टर-21, हार्डवेयर रोड बल्लभगढ़ की सभी प्रमुख सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। खासतौर पर रात को नौकरी से लौटने वाले लोगों जलभराव की वजह से काफी दिक्कत हुई।
कहां कितनी हुई बारिश
फरीदाबाद - 26 एमएम
तिगांव - 24 एमएम
बल्लभगढ़ - 18 एमएम
मोहना - 23 एमएम
दयालपुर - 15 एमएम
बड़खल - 28 एमएम
धौज - 17 एमएम
गौंछी - 36 एमएम
बारिश के बाद फरीदाबाद के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
नगर निगम की ओर से जलभराव से निपटने के लिए इंतजाम किए गए हैं। रविवार को निगम की सभी टीमों को फील्ड में उतारा गया। दोपहर बाद तक सड़कों से पानी निकाल दिया गया। - रामजी लाल, मुख्य अभियंता, नगर निगम