ओलावृष्टि के बाद एनसीआर की सड़कों पर बिछी सफेद चादर, दीवार गिरने से एक की मौत, देखें तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में देर शाम बारिश और ओलावृष्टि के बाद अचानक खराब हुए मौसम के कारण 6 बजे से 7 बजे के बीच उतरने वाले 18 विमानों को दूसरी जगह के लिए डायवर्ट करना पड़ा। हिमाचल में तीन नेशनल हाईवे और 200 से अधिक छोटी-बड़ी सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। जवाहर टनल के बाहर भारी बर्फ बारी और रामबन के कई इलाकों में मलबा गिरने से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे दूसरे दिन भी बंद रहा है। उत्तर प्रदेश में भी ओलावृष्टि के कारण अगेती फसलों को बेहद नुकसान पहुंचा है।
हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। इससे सर्दी बढ़ गई है। भिवानी जिले के गांव धनाना में बिजली गिरने से एक मकान में बिजली के उपकरण जल गए। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। खासतौर पर जीटी बेल्ट के जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। इधर, प्रदेश में बुधवार शाम से ही बादल छा गए थे और वीरवार सुबह से बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक लगभग सभी जिलों में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का क्रम जारी रहा। इस दौरान ओलावृष्टि होने से गेहूं की अगैती, सरसों, सब्जियों, मटर, आलू में नुकसान हुआ है। हालांकि कृषि विशेषज्ञों ने गेहूं के लिए बारिश को फायदेमंद बताया है।
शुक्रवार को भी बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी को भी गरज व हवालों के साथ कहीं हल्की, कहीं तेज व मध्यम बारशि संभव है। 9 फरवरी से मौसम साफ रहेगा।
सूरजकुंड मेला परिसर में भरा पानी
फरीदाबाद। बारिश से सूरजकुंड में चल रहे अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला परिसर में भी पानी भर गया। ऐसे में शाम करीब पांच बजे ही शिल्पकारों ने अपने स्टॉल बंद कर दिए। ओलावृष्टि और बारिश से अपना सामान ढकने के लिए शिल्पकारों ने तिरपाल के लिए मेला परिसर में हंगामा भी किया।
कैथल, भिवानी, बहादुरगढ़, यमुनानगर, भिवानी, सोनीपत, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा के रानियां आदि स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। रोहतक में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश का दौर चला।
इन जिलों में छाए रहे बादल
हिसार, सिरसा, फतेहाबाद
आगे ऐसा रहेगा मौसम
8 फरवरी - जीटी बेल्ट के जिलों में बारिश, अन्य जिलों में बूंदाबांदी
9 से 11 - कोहरा, आंशिक बादल छा सकते हैं
12 से 13 - मौसम साफ, सुबह-शाम कोहरा
अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है और कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे। साथ ही सुबह के समय धुंध का सामना करना पड़ सकता है। - डॉ. देवेंद्र बुंदेला, मौसम विशेषज्ञ, केंद्रीय मृदा एवं लवणता अनुसंधान संस्थान करनाल
बारिश लाभदायक, ओलावृष्टि से नुकसान
ओलावृष्टि से जीटी बेल्ट के साथ लगते जिलों में ज्यादा नुकसान नहीं है। हां, कुछ जिलों में ज्यादा ओलावृष्टि ज्यादा है, इससे जरूर फसल पर असर पड़ सकता है। अभी गेहूं पर बालियां नहीं आई हैं, अगर बालियां होती तो ओलावृष्टि का ज्यादा असर होता है। बारिश से फसल अच्छी होगी। और भी बारिश हो जाए तो गेहूं के लिए लाभदायक ही है। - डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक, गेहूं अनुसंधान संस्थान, करनाल