गणतंत्र दिवस से पहले एक बार फिर राजधानी में आतंकी हमले की साजिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया है। आतंकी मंसूबे को पूरा करने के लिए गाजीपुर फूल मंडी में लाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) पुलिस ने बरामद कर लिया और एनएसजी के बम निरोधक दस्ते ने उसे निष्क्रिय कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्फोटक बैग में मंडी के गेट के पास रखा गया था। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने आईईडी मिलने की पुष्टि की है। बम मिलने के बाद दिल्ली में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।
फूल मंडी में विस्फोटक: बैग में लोहे जैसे टिफिन बॉक्स में थी आईईडी, रोबोटिक कंटेनर में रखकर हुई पहचान, ऐसे किया निष्क्रिय
गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर रहती हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 10.20 बजे एक राहगीर ने फूल मंडी के गेट संख्या एक की पार्किंग में एक लावारिस बैग के पड़े होने की जानकारी दी। कहा गया कि बैग काफी देर से पड़ा हुआ है और इसमें विस्फोटक हो सकता है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस के साथ जिले के आला पुलिस अधिकारी, स्पेशल सेल की टीम, डॉग स्क्वायड, कैट्स एंबुलेंस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।
एनएसजी को भी मौके पर बुलाया गया। वहां पहुंचे कमांडों ने जिस जगह पर बैग पड़ा था, उस इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया और पुलिस कर्मियों ने मंडी को पूरी तरह से खाली करवा लिया। किसी को भी उस इलाके में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। शुरूआती जांच में बैग में विस्फोटक जैसी चीज दिखने पर तुरंत एनएसजी टीम को इस बात की जानकारी दी गई।
कुछ देर बाद एनएसजी की बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। जांच में विस्फोटक होने की पुष्टि हो गई। उसके बाद उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस प्रशासन ने जेसीबी से सब्जी मंडी के खुले मैदान में करीब आठ फीट का गड्ढा करवाया। उसके बाद विस्फोटक से भरे बैग को गडढे में दबाकर उसको निष्क्रिय कर दिया गया। निष्क्रिय करने के दौरान एक जोरदार धमाका हुआ। स्पेशल सेल की टीम आगे की जांच में जुट गई है।
सुबह करीब साढ़े दस बजे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन आया कि गाजीपुर फूल मंडी के एक गेट पर एक लावारिस बैग पड़ा है। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उस जगह के आसपास के इलाकों को घेर लिया, जहां संदिग्ध बैग मिला था। पुलिस ने इस बारे में अन्य एजेंसियों को भी अलर्ट किया। इसके बाद एनएसजी के बम दस्ते, खोजी कुत्ते और बम विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंच गए।-विनीत कुमार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पूर्वी दिल्ली
रोबोटिक कंटेनर में रखकर विस्फोटक की पहचान की गई
मौके पर पहुंची एनएसजी की बम निरोधक दस्ते ने पहले यह पता लगाने की कोशिश की कि बैग में मिला सामान विस्फोटक है या नहीं। टीम ने विस्फोटक को अपने साथ लाए एक रोबोटिक कंटेनर में रखा। जांच के दौरान विस्फोटक होने की पुष्टि होने के बाद उसे खाली स्थान पर निष्क्रिय करने का फैसला किया गया। विस्फोटक को गड्ढे में डालकर निष्क्रिय किया। इस दौरान हुए विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ है।