दिल्ली के आजादपुर मेट्रो स्टेशन के सामने बुधवार सुबह बेलगाम हुई डीटीसी लो फ्लोर बस ने जमकर कहर बरपाया। एक के बाद एक दो ई-रिक्शा व ऑटो को बस ने रौंद दिया। हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
अनियंत्रित हुई डीटीसी बस ने सड़क पर ऐसे बरपाया कहर, छात्र समेत 2 की मौत, 6 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मृतकों की शिनाख्त स्पर्श रावल (15) और देवेंद्र प्रसाद (45) के रूप में हुई है। घायल तरुण कुमार (36), आकर्श सिंह (35) और शाहरुख (21) समेत छह लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि बस का टायर फटने की वजह से हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। इधर, गुस्साई भीड़ ने बस के शीशे तोड़ दिए।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवर सुबह करीब 11.45 बजे आजादपुर मेट्रो स्टेशन के सामने हुआ। रूट नंबर-901 (कमला मार्केट से मंगोलपुरी) की हरी लो फ्लोर करीब चालीस से पचास सवारियों को लेकर विश्वविद्यालय से आजादपुर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बस की रफ्तार बहुत तेज थी।अचानक बस ने लहराती आगे जा रहे एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। बस ई-रिक्शा को घसीटते हुए काफी दूर ले गई। इसी दौरान रांग साइड आ रहा एक और ई-रिक्शा भी बस की चपेट में आ गया। इसके बाद भी नहीं रुकी, उसने साइड में खड़े एक ऑटो को भी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस ई-रिक्शा और ऑटो को पचास फुट घसीटकर ले गई। दोनों ई-रिक्शा में चालकों के अलावा कुछ सवारियां भी बैठी हुई थी। अचानक हुए हादसे से मौके पर हाहाकार मच गया। राहगीरों ने 11.55 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी। पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया,जहां ई-रिक्शा सवार स्पर्श व देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया।
स्पर्श परिवार के साथ महेंद्रू एंक्लेव में रहता था। वह एक पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। हादसे के समय वह स्कूल में एक्ट्रा क्लास से लौट रहा था। वहीं देवेंद्र के-ब्लॉक, मंगोलपुरी में रहता था। पुलिस का कहना है कि बस में सवार लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। अस्पताल में आकर्श व शाहरुख का इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। उत्तर-पश्चिम जिले के मॉडल टाउन थाना पुलिस लापरवाही से वाहन चलाकर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।