धारावाहिक ‘अपना टाइम भी आएगा’ में महारानी राजेश्वरी का किरदार कर रहीं अभिनेत्री तनाज ईरानी ने कोविड-19 महामारी का डटकर मुकाबला किया है। तनाज घर पर ही क्वारंटाइन में हैं और अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए सभी सावधानियां बरत रही हैं। तनाज की रिकवरी की प्रक्रिया काफी प्रेरणादायक है जिसे जानकर कोविड प्रभावित दूसरे मरीज भी खुद को सकारात्मक रख सकते हैं। इस दौरान तनाज ने अपना कलेजा काफी मजबूत रखा। हालांकि, इस दौरान उनकी बेटी की मासूमियत ने उनका दिल कई बार पिघला दिया।
2020 Won: तनाज ईरानी ने साझा किया कोरोना वायरस से लड़ने का फॉर्मूला, संक्रमण के बाद ऐसे किया इलाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोविड-19 से अपनी रिकवरी के बारे में बताते हुए तनाज ने कहा, “मेरा टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद शुरुआती कुछ दिन वाकई बहुत खराब गुजरे क्योंकि मुझे शरीर और सिर में बहुत तेज दर्द होता था। मैं चीजों पर ध्यान नहीं दे पाती थी, लेकिन मैंने नियमित तौर पर अपने विटामिन सी सप्लीमेंट्स के साथ हल्दी दूध और काढ़ा पीना जारी रखा। इससे वाकई मुझे मदद मिली।”
इस दौरान उन्होंने कैसे खुद को सकारात्मक बनाए रखा, ये पूछे जाने पर तनाज बताती हैं, “मैं बात करते हुए लगातार थकान महसूस करती थी, इसलिए मैंने अपने दिमाग और शरीर को शांत रखने के लिए प्राणायाम और ध्यान करना शुरू किया। रिकवरी के दौरान मंडल आर्ट भी मेरे बहुत काम आया। जहां अब मुझे पहले से बेहतर महसूस होता है, वहीं मेरे मुंह का स्वाद अब तक नहीं आया है। मैंने महसूस किया है कि इसे पूरी तरह ठीक होने में कुछ महीने लग जाएंगे। लेकिन मैंने धैर्य नहीं खोया है। मुझे पता है कि खुद को सकारात्मक बनाए रखना है। यह इतना आसान नहीं होगा पर परिवार ने मुझे इसके लिए काफी हिम्मत दी है।”
तनाज आगे बताती हैं, “सिर्फ मेरे पति को मुझे देखने की अनुमति थी, जो मुझे खाना और दवाइयां देते हैं। पहले तो मैं उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थी, खासतौर पर तब, जब उनकी तबीयत भी थोड़ी खराब लगने लगी। लेकिन शुक्र है वे अब बेहतर हैं और कोविड-19 के लिए उनका टेस्ट भी नेगेटिव आया है। सच कहूं तो मैं बहुत डरी हुई थी, लेकिन उनके लगातार सपोर्ट ने मेरा बहुत हौसला बढ़ाया। इस दौरान मेरे बच्चे भी मेरी ताकत बने। वो हर सुबह मुझे देखने और मुझे विश करने मेरे दरवाजे पर आते थे। मेरी बेटी ने एक बार मुझसे पूछा कि वो कब मुझे गले लगा सकती है। यह सुनकर मैं अवाक रह गई।”
अपने परिवार से मिली मदद के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए तनाज कहती हैं, “मुझे उन पर गर्व है क्योंकि उन्होंने घर पर फंसे होने के बावजूद कभी यह नहीं पूछा कि क्या वो बाहर जा सकते हैं। मेरा टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद से सबसे अच्छी बात यह हो रही है कि मुझे अपने फैंस और ‘अपना टाइम भी आएगा’ के सभी कलाकारों के पत्र मिल रहे हैं। वो मुझे मैसेज भेजते रहते हैं और मुझे कभी नहीं भूलते। सभी मेरी वापसी का इंतजार कर रहे हैं और मैं भी अब दोबारा शूटिंग शुरू करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।” स्वास्थ्य लाभ लेते हुए तनाज सभी के बीच यह जागरूकता भी फैला रही हैं कि महामारी अब भी हमारे बीच है। वे सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और बाहर निकलते समय मास्क पहनने की अपील कर रही हैं।