हिंदी फिल्मों की मार्केटिंग संभालने वालों के लिए बीते कुछ महीने नई चुनौतियां बनकर आए हैं। मुंबई को ही सारा हिंदुस्तान समझकर या अधिक से अधिक मेट्रो शहरों तक ही अपनी फिल्मों की पहुंच बना लेने को ही अपना पूरा लक्ष्य बना लेने का बड़ा खामियाजा रिलायंस एंटरटेनमेंट की शुक्रवार को रिलीज फिल्म ‘83’ को उठाना पड़ा है। शनिवार की सुबह तक मिले आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘83’ की पहले दिन की ओपनिंग उम्मीद से बहुत कम रही है और अगर इस फिल्म की कमाई शनिवार और रविवार को नहीं बढ़ी तो फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये तक पहुंचना भी मुश्किल होगा। फिल्म को रिलीज करने वाली कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट में इसे लेकर काफी हलचल रही। कंपनी के कर्मचारी छुट्टी होने के बावजूद शनिवार को फिल्म की हर दो घंटे पर कलेक्शन रिपोर्ट लेते रहे। माना जा रहा है कि फिल्म का कलेक्शन शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को बेहतर रहेगा।
83 Box Office Collection Day 1: ये रहा पहले दिन की कमाई का आधिकारिक आंकड़ा, सारी उम्मीदें अब शनिवार पर
फिल्म ‘83’ रिलीज करने वाली कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट ने शनिवार शाम को जो आंकड़े जारी किए उनके मुताबिक फिल्म ने भारत में शुक्रवार को कुल 12.64 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें सबसे ज्यादा कमाई फिल्म की महाराष्ट्र में 2.82 करोड़ रुपये की और दूसरे नंबर की कमाई दिल्ली-यूपी में 2.50 करोड़ रुपये की हुई। इन दोनों फिल्म वितरण क्षेत्रों के अलावा फिल्म कहीं दो करोड़ रुपये का आंकड़ा नहीं पार कर सकी। फिल्म ने पंजाब में 1.34 करोड़ रुपये और गुजरात में एक करोड़ रुपये कमाए हैं। इनके अलावा बाकी सभी फिल्म वितरण क्षेत्रों में फिल्म का कारोबार एक करोड़ रुपये से नीचे ही रहा। बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी फिल्म को अच्छा रेस्पॉन्स नहीं मिला।
फिल्म ‘83’ को रिलायंस एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर दीपिका पादुकोण के प्रोडक्शन हाउस केए प्रोडक्शन्स और विष्णु इंदुरी की कंपनी विब्री फिल्म्स ने बनाया है। फिल्म पिछले साल की शुरुआत में ही बनकर पूरी हो गई थी लेकिन कोरोना संक्रमण काल के चलते फिल्म की रिलीज बार बार टलती रही। रिलायंस एंटरटेनमेंट के साथ एक दिक्कत और हो रही है कि इसके मार्केटिंग और बिक्री विभाग के लोगों के विरुद्ध सिनेमाघर मालिकों में बहुत गुस्सा है। पहले ‘सूर्यवंशी’ और फिर फिल्म ‘83’ की रिलीज के समय मुनाफे के बंटवारे को लेकर आखिर चलती रही खींचतान के चलते ही ‘सूर्यवंशी’ 200 करोड़ रुपये की बॉक्स ऑफिस कमाई का जादुई आंकड़ा छूने में विफल रही। और, अब फिल्म ‘83’ की ओपनिंग 20 करोड़ रुपये तक भी नहीं पहुंच पाई है।
फिल्म बाजार पर नजर रखने वालों में बीते दो हफ्ते से यही चर्चा चलती रही कि फिल्म ‘83’ की पहले दिन की ओपनिंग कितनी रहेगी। फिल्म को लेकर काफी उत्साह दिखाने वाले भी इसकी ओपनिंग 20 करोड़ रुपये के आसपास ही मान रहे थे और ये भी कहा जा रहा था कि अगर ये फिल्म इतनी ओपनिंग भी नहीं ले पाई तो आने वाले दिन हिंदी सिनेमा के लिए काफी मुश्किलों भरे होंगे। हुआ भी यही। फिल्म ‘83’ की मार्केटिंग करने वालों ने इस फिल्म को जनता की फिल्म बनने ही नहीं दिया। इसका पूरा हाइप जिस तरह से डिजाइन किया गया, उससे आम जनता जुड़ ही नहीं पाई। फिल्म को ‘क्लासी’ टच देने के इस विचार ने ही फिल्म ‘83’ की बोहनी खराब कर दी।
रिलायंस एंटरटेनमेंट के मुताबिक फिल्म ‘83’ ने पहले दिन सिर्फ 12.64 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली है। ये उम्मीद से बहुत ज्यादा कम है। सुबह माना जा रहा था कि फिल्म ने पहले दिन करीब 15 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली है लेकिन दोपहर बाद तक पूरे हुए पूरे राज्यों के आंकड़ों ने फिल्म की स्थिति साफ कर दी। फिल्म की एडवांस बुकिंग काफी कमजोर रही और शुक्रवार को ये फिल्म दिखा रहे तमाम सिनेमाघर खाली पड़े रहे। दिल्ली यूपी और ईस्ट पंजाब फिल्म वितरण क्षेत्रों में फिल्म को खासा नुकसान उठाना पड़ा है जबकि ये फिल्म के रीयल लाइफ हीरो कपिल देव का इलाका माना जाता है।
