कोरोना काल से पहले हिंदी फिल्म जगत में कई मेगा बजट फिल्मों की घोषणा हुई, लेकिन उनमें से कई फिल्मों की शूटिंग अब तक शुरू नहीं हुई है। इन फिल्मों से जुड़े लोगों की मानें तो इनमें से कुछ फिल्मे हमेशा के लिए डिब्बा बंद हो गई हैं। ऐसी फिल्में भी इस लिस्ट में शामिल हैं जिनको शुरू होने के तुरंत बाद सिर्फ इसलिए बंद कर देना पड़ा क्योकि इसके सितारे अपनी फीस कम करने को तैयार नहीं हुए। अभी दो दिन पहले ही करण जौहर ने एक बयान दिया है जिसके मुताबिक पांच करोड़ रुपये की ओपनिंग की गारंटी भी न रखने वाले सितारे उनसे 20 करोड़ रुपये मांगते हैं। इन अटकी, भटकी फिल्मों में सबसे ज्यादा फिल्में भी करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस की ही शामिल हैं...
Shelved Top 10: बंद हो गईं आमिर, सलमान, अजय और दीपिका की ये फिल्में, जानिए किस फिल्म की क्या रही वजह
अजय देवगन की 'चाणक्य'
निर्माता निर्देशक नीरज पांडे ने साल 2018 में अभिनेता अजय देवगन को लेकर एक ऐतिहासिक फिल्म ‘चाणक्य’ बनाने की घोषणा की थी। तब से फिल्म को लेकर यही अपडेट आ रहे थे कि फिल्म जल्द ही शुरू होने वाली है। 'चाणक्य’ को लेकर जब भी नीरज पांडे से बात हुई तो उन्होंने हमेशा ही इस बात का आश्वासन दिया कि फिल्म जल्द ही शुरू करेंगे। लेकिन अभी ‘दृश्यम 2’ के दौरान खुद अजय देवगन ने साफ कर दिया है कि वह नीरज पांडे के साथ 'चाणक्य’ पर काम नहीं कर रहे हैं।
दीपिका पादुकोण की 'द इंटर्न'
जनवरी 2020 में दीपिका पादुकोण ने हॉलीवुड फिल्म 'द इंटर्न' की हिंदी रीमेक बनाने की घोषणा की थी। तब इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और ऋषि कपूर लीड रोल में थे। दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम पर इस फिल्म की घोषणा करते हुए जानकारी दी कि इस फिल्म को वह को-प्रोड्यूस कर रही हैं। ऋषि कपूर के निधन के बाद उनकी भूमिका में अमिताभ बच्चन को लिया गया था। इसी बीच खबर आई कि दीपिका पादुकोण फिल्म से अलग हो गई हैं और उनकी जगह परिणीति चोपड़ा को फिल्म में लिया गया है। लेकिन अब इस फिल्म का कुछ अता पता नहीं।
दीपिका पादुकोण की 'द्रोपदी'
दीपिका पादुकोण को निर्माता बनाने का ख्वाब निर्माता मधु मंटेना ने दिखाया था। वह टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी क्वान से तब जुड़े हुए थे। फिर क्वान प्रबंधन में शामिल लोग मीटू में घिरे तो ये कंपनी बंद करके नई कंपनी कलेक्टिव खोल ली गई। मधु मंटेना ने साल 2019 में दीपिका पादुकोण को लेकर फिल्म 'द्रौपदी' की घोषणा की थी। इसमें महाभारत को द्रौपदी के नजरिये से दिखाये जाने की तैयारी थी। कुछ समय पहले मधु ने 'द्रौपदी' के बारे में पूछे जाने पर नया शिगूफा छेड़ा है कि वह 'द्रौपदी' से पहले दीपिका पादुकोण के साथ 'रामायण' पर फिल्म बनाएंगे।
आमिर खान की 'मुगल'
टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के बेटे भूषण कुमार अपने पिता की बायोपिक 'मुगल' के नाम से बनाना चाह रहे थे। बायोपिक की पूरी पटकथा सुभाष कपूर ने तैयार की थी और उनके निर्देशन में प्रस्तावित इस फिल्म में सबसे पहले अक्षय कुमार आए। अक्षय ने फिल्म छोड़ी तो उन्होंने ऐलान किया कि वह फिल्म में अक्षय से बड़ा हीरो लेकर आएंगे। फिल्म के लिए आमिर खान ने हां भी कर दी लेकिन फिर मामला स्क्रिप्ट पर ऐसा अटका कि आमिर ने इस फिल्म में काम करने से इंकार ही कर दिया। सूत्र बताते हैं कि फिल्म की स्क्रिप्ट से गुलशन कुमार की पत्नी संतुष्ट नहीं हैं।