टीवी और फिल्मों के मशहूर अभिनेता अली असगर अभिनेता सलमान खान की आने वाली फिल्म 'राधे- योर मोस्ट वांटेड भाई' में नजर आने वाले हैं। वह अपने आप को बहुत खुश नसीब समझते हैं कि उन्हें सलमान की इस फिल्म में काम करने का मौका मिला। अमर उजाला से बात करते हुए अली ने बताया, 'जी हां! मेरा एक छोटा सा किरदार है सलमान खान की फिल्म 'राधे' में। मेरा काम खत्म हो चुका है लेकिन फिल्म की शूटिंग में शायद सिर्फ एक गाना शूट होने के लिए बचा है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे सलमान के साथ पर्दा साझा करने का मौका मिला है।'
दादी और नानी बनकर ये अभिनेता लूट चुका है महफिल, अमर उजाला से खास मुलाकात में किए दिलचस्प खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सलमान की नेकदिली के किस्से अक्सर लोगों के मुंह से सुनने में आते रहते हैं। एक किस्सा अली ने भी सुनाया। उन्होंने कहा, 'उनके जैसे बड़ा दिल वाला आदमी मैंने अपनी जिंदगी में नहीं देखा। बड़ा मतलब पैसे से बड़ा नहीं, बल्कि दरियादिल इंसान। कई लोगों की मदद करते हुए मैंने उन्हें देखा है। मेरा खुद एक स्टाफ मेंबर था जिसकी बीमारी के लिए उनकी फाउंडेशन ने उसकी मदद की थी। बात क्या है कि वह अपने मुंह से बताते नहीं है और जब आप मुझसे बात कर रहे हैं तो मैं आज आपको बता रहा हूं। 'नेकी कर, दरिया में डाल' वाले उसूल पर काम करते हैं वह। एक कलाकार के रूप में भी वह लोगों की खूब मदद करते हैं।'
टीवी के एक धारावाहिक 'अकबर का बल बीरबल' के साथ अली काम पर लौट चुके हैं। मौजूदा स्थिति के बारे में बात करते हुए वह कहते हैं, 'देश में लॉकडाउन तो खत्म हो गया है लेकिन मानसिक तौर पर अभी लॉकडाउन जारी है। कई ऐसी चीज हैं जिनको करने पर लोगों को पाबंदी है। लेकिन फिर भी, काम तो करना ही है। भले ही कम लोगों के साथ काम कर रहे हैं। लेकिन, जितने भी कर रहे हैं। उन सब का घर तो चलना ही चाहिए। आगे फिर भगवान मालिक है।'
'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' और 'द कपिल शर्मा शो' में दादी और नानी के किरदार में अली को टीवी पर खूब प्रसिद्धि मिली है। वह बताते हैं, 'मेरा दादी और नानी का किरदार सौभाग्य से लोगों के दिलों में बस चुका है। मैं जहां भी जाता हूं, लोग उस किरदार के बारे में मुझसे जरूर बात करते हैं। दरअसल, किसी को पहले से तो अंदाजा होता नहीं है कि वह किस किरदार में या फिर उसका कौन सा शो कितना हिट होने वाला है? यह शो हिट हुआ और उस रूप में मैं लोगों के दिलों में बस गया। यही हमारे लिए एक ईनाम है।'
फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अली ने विभिन्न प्रकार के किरदार किए हैं। अपने किरदारों के चयन के बारे में वह कहते हैं, 'किसी भी कलाकार का पर्दे पर समय बिताने से क्या फायदा जब उसके किरदार में दम ही नहीं है। फिल्म 'शोले' में सांभा सिर्फ 'पूरे 50 हजार' बोलकर हिट हो गया। अगर वह फिल्म इतनी कामयाब नहीं होती तो उस फिल्म के शायद किसी भी किरदार को याद नहीं रखा जाता। लेकिन, जब वह इतनी बड़ी सुपर डुपर हिट हो चुकी है तो तीन शब्द बोलने वाले सांभा को भी सभी लोग जानते हैं। एक कामयाब फिल्म का हिस्सा होना ही किसी भी कलाकार के लिए काफी है। वहां से लोग आपको जान जाते हैं।'
बेशक अली ने किरदार बहुत निभाए हैं लेकिन ज्यादातर उसमें हास्य किरदार ही रहे। अपनी कॉमेडी की शुरुआत के बारे में अली बताते हैं, 'मैं महमूद साहब का मुरीद हूं। अपने स्कूल और कॉलेज के समय में मैं उनकी बहुत फिल्में देखा करता था। आज भी अगर मैं घर पर हूं तो अपने डीवीडी प्लेयर में उनकी फिल्में ही चलाता हूं। मेरे अंदर अगर कॉमेडी आई है तो मैं उसका श्रेय सिर्फ महमूद साहब को ही देना चाहूंगा। और वैसे भी, अभिनय तो हर रोज सीखे जाने वाली चीज है। इसमें कुछ न कुछ नया सीखने को मिलता है।'
आपनी बात जारी रखते हुए अली ने कहा, 'सोशल मीडिया का इस्तेमाल सीमित होना चाहिए। मैं सिर्फ इसका इस्तेमाल अपने शो के प्रमोशन के लिए करता हूं। मैं उसे अपने घर नहीं ले जाता। सोशल मीडिया आजकल बहुत बड़ा हो गया है। वहां पर लोगों को गालियां दी जाती हैं, ट्रोलिंग की जाती है। वैसे ही लोगों की सराहना भी होती है। वह एक बहुत बड़ा मजमा है। अगर कोई कलाकार किसी महफिल में कोई शो करता है तो जरूरी नहीं कि उसका शो हर किसी को पसंद आए। कुछ लोग ऐसे भी होंगे जो गाली दे रहे होंगे। इससे कलाकार सीखते भी हैं। उन्हें पता चलता है कि जो काम वह कर रहा है, वह पहले लोगों को पसंद आ रहा होगा। लेकिन, अब पसंद नहीं आ रहा है। समय के साथ चलना पड़ेगा।'