धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म 'जुग जुग जियो' के ट्रेलर का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और आज वो इंतजार खत्म हो गया है। इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसे दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। ट्रेलर में वरुण धवन और कियारा आडवाणी की जोड़ी नजर आ रही है। साथ ही अनिल कपूर और नीतू कपूर भी हैं, जो वरुण के माता-पिता की भूमिका में हैं। वहीं, अब इस ट्रेलर पर नीतू कपूर की बहू आलिया भट्ट की प्रतिक्रिया सामने आई है। आलिया ने पोस्ट शेयर कर बताया है कि उन्हें अपनी सासू मां की फिल्म का ट्रेलर कैसा लगा?
Jugjugg Jeeyo Trailer: आलिया और रणबीर को कैसा लगा नीतू कपूर की फिल्म 'जुग जुग जियो' का ट्रेलर? सामने आई प्रतिक्रिया
आलिया ने पोस्ट किया शेयर
आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर फिल्म 'जुग जुग जियो' का ट्रेलर शेयर किया है, जिसमें वरुण धवन और कियारा आडवाणी की शादी का सीन दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के साथ आलिया ने लिखा, 'इंतजार नहीं कर सकती हूं।' इस कैप्शन से साफ है कि आलिया की अपनी सासू मां की फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आया है और वह अब इस फिल्म को देखने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं कर पा रही हैं।
रणबीर ने देखा फिल्म का ट्रेलर
मुंबई में हुए फिल्म के ट्रेलर इवेंट में नीतू कपूर से पूछा गया कि क्या उनके बेटे रणबीर ने इस ट्रेलर को देखा है? इस पर नीतू कपूर ने कहा कि रणबीर ने ट्रेलर देखा है। मुझे यकीन है कि वह फिल्म को भी पसंद करेंगे, क्योंकि फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे पसंद न किया जाए। बता दें कि इस फिल्म के जरिए नीतू कपूर कमबैक कर रही हैं। ऐसे में नीतू कपूर के लिए यह फिल्म काफी खास है।
कैसा है फिल्म का ट्रेलर?
'जुग जुग जियो' एक पारिवारिक फिल्म है, जिसका ट्रेलर काफी मजेदार है। इस ट्रेलर की शुरुआत वरुण और कियारा की शादी से होती है। ट्रेलर देखने से साफ पता चल रहा है कि दोनों अपनी शादी से परेशान है और तलाक लेकर अलग होना चाहते हैं। इस फिल्म में अनिल कपूर, वरुण धवन के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर में वरुण धवन की जोड़ी कियारा आडवाणी से ज्यादा अनिल कपूर के साथ जम रही है।
कब रिलीज हो रही है फिल्म
इस फिल्म में कियारा आडवाणी, वरुण धवन, नीतू कपूर और अनिल कपूर के अलावा मनीष पॉल और प्राजक्ता कोली जैसे सितारे भी नजर आएंगे। फिल्म को करण जौहर वायकॉम 18 के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं और यह 24 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिसका निर्देशन राज मेहता ने किया है।
