बॉलीवुड के शहंशाह यानी की अमिताभ बच्चन दशकों से बॉलीवुड पर राज कर रहे हैं। अमिताभ केवल बॉलीवुड पर ही नहीं बल्कि हर किसी के दिल पर भी राज करते हैं। वो जितने बड़े स्टार हैं उससे भी बड़ा उनका दिल है। इसका नजारा भी कई बार देखने को मिलता रहता है। अमिताभ हमेशा इंडस्ट्री में आए नए कलाकारों की हौसला अफजाई करते रहते हैं। हाल ही में भी अमिताभ ने ऐसा ही कुछ किया है।
अमिताभ बच्चन ने लिखा इस अभिनेत्री को खत, गुलदस्ता भेजकर बढ़ाया हौसला
अमिताभ केवल नए कलाकारों का ही नहीं बल्कि हर उस कलाकार का उत्साहवर्धन करते हैं जो किसी भी फिल्म में अपना बेहतरीन प्रदर्शन देता है। चाहे वो कलाकार इंडस्ट्री में कितना भी पुराना क्यों ना हो। अमिताभ खुद अपने हाथ से खत लिखकर और गुलदस्ता भेजकर कलाकारों की हौसला अफजाई करते हैं। ऐसे में हाल ही में अमिताभ ने एक फिल्मी कलाकार का उत्साहवर्धन किया है। ये कलाकार हैं फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' फिल्म में इरफान की बेटी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री राधिका मदान।
दरअसल अमिताभ बच्चन ने हाल ही में फिल्म अंग्रेजी मीडियम देखी है। इस फिल्म में अमिताभ को राधिका की एक्टिंग बेहद पसंद आई जिसके चलते उन्होंने राधिका को अपने हाथों से एक चिट्ठी लिखी और गुलदस्ते के साथ राधिका के घर पर भेजी। इस चिट्ठी को पाकर राधिका भी फूली नहीं समाईं और सोशल मीडिया पर इस चिट्ठी को साझा किया। राधिका ने चिट्ठी और गुलदस्ते की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं या लिखूं... मैं निःशब्द हूं और बहुत-बहुत अभिभूत हूं, अमिताभ बच्चन सर से इसे प्राप्त करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है।'
View this post on Instagram
A post shared by Radhika Madan (@radhikamadan) on
आगे राधिका लिखती हैं, 'अपनी हर फिल्म की रिलीज के बाद मैं हमेशा इस बात की कल्पना करती थी कि मेरे दरवाजे की घंटी बज रही है और वहां खड़ा शख्स कह रहा है, अमिताभ बच्चन सर ने आपके लिए फूल और एक नोट भेजा है। और मैं उसके बाद बेहोश हो जाती हूं। लेकिन शुक्र है कि जब वास्तव में मुझे ये मिला तो मैं बेहोश नहीं हुई। मैं बस कुछ सेकंड्स के लिए स्तब्ध रह गई थी। आंखों में आंसू और आभार के साथ। मेरे सपने को सच करने के लिए आपको धन्यवाद सर। इसने मुझे और भी ज्यादा कड़ी मेहनत करने के अलावा और ज्यादा ईमानदार परफॉर्मेंस के जरिए अपने दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए प्रेरित किया है।'
किसी भी नए कलाकार को अमिताभ से इस तरह की हौसला अफजाई मिलना अपने आप में ही गर्व की बात है। राधिका भी इसे पाकर अभिभूत हो गईं। गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब अमिताभ ने किसी फिल्मी कलाकार को इस तरह से खत लिखा हो और उत्साहवर्धन किया हो। बीते साल आई आयुष्मान खुराना की फिल्म 'बधाई हो' में उनकी मां का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री नीना गुप्ता को भी उनकी परफॉर्मेंस के लिए अमिताभ ने ढेर सारी बधाई दी थी।
