धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित और अभिनेता अनिल कपूर की सुपरहिट फिल्म 'तेजाब' आज भी प्रशंसकों की फेवरिट लिस्ट में शुमार है। लंबे समय से इस फिल्म के रीमके का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर है। जल्द ही इसका दूसरा पार्ट देखने को मिलेगा। दरअसल फिल्म 'तेजाब 2' कंफर्म हो गई है। फिल्म को दोबारा बनाए जाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। खुद प्रोड्यूसर मुराद खेतानी ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि जल्द ही इस फिल्म के रीमेक का प्री-प्रोडक्शन शुरू कर देंगे।
Tezaab 2: रीमेक को लेकर तैयारियां हुईं तेज, धक-धक गर्ल और अनिल कपूर की जोड़ी फिर आएगी नजर?
खरीद लिए गए हैं राइट्स
फिल्म 'तेजाब' के निर्देशक-प्रोड्यूसर एन चंद्रा के रीमेक राइट्स खरीद चुके प्रोड्यूसर मुराद खेतानी ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान बताया, 'यह एक आइकॉनिक फिल्म है। जब भी इसे बनाएंगे, हम आज के समय के हिसाब से ही इसकी कहानी उठाएंगे।' खेतानी इस फिल्म के रीमेक को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उनका आत्मविश्वास भी गजब का नजर आ रहा है।
माधुरी दीक्षित आएंगी नजर?
मुराद खेतानी ने अभी इसकी स्टारकास्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। मगर यह उम्मीद जताई जा रही है कि इसमें अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नजर आएंगी। दरअसल 1988 में आई इस फिल्म की जान माधुरी ही थीं। ऐसे में प्रोड्यूसर रीमेक में भी माधुरी दीक्षित को लेकर आएंगे, इसकी पूरी उम्मीद है। बता दें कि 'तेजाब' 1988 में रिलीज हुई थी। इसमें माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर के अलावा चंकी पांडे और अनुपम खेर भी अहम भूमिका में थे। यह फिल्म सभी के करियर की एक टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई थी। आपको बता दें कि फिल्म 'तेजाब' का गाना 'एक-दो-तीन....' काफी फेमस हुआ था। आज भी यह गाना खूब दिलचस्पी के साथ सुना जाता है।
निर्देशक एन चंद्रा नहीं हैं राजी
कुछ दिन पहले 'तेजाब' के निर्देशक एन चंद्रा ने भी रीमेक के बारे में अपने विचार साझा किए थे। उन्होंने फिल्म के रीमेक पर ऐतराज जताया था। एन चंद्रा ने कहा था, 'क्लासिक फिल्मों को नहीं छूना चाहिए और इसका एक कारण है। कारण यह है कि वे फिल्में एक निश्चित समय में बनाई गई थीं और उस समय के हिसाब से उसमें कहानी बुनी गई थी। 'तेजाब' एक सामाजिक युग के बारे में बताती है। आप उसके बारे में रीमेक नहीं बना सकते हैं। आप फिल्म को दूसरी बोतल में डालकर उसकी नकल नहीं कर सकते।' एन चंद्रा ने आगे कहा था कि फिोल्म 'तेजाब' एक आइकॉनिक फिल्म है। मुझे नहीं लगता कि इसको दोबारा से बनाना चाहिए। चाहे मैं हूं या फिर कोई और, फिल्मों को छेड़ना नहीं चाहिए।'