कंगना रनौत की फिल्म पंगा में दमदार किरदार करने वाली अभिनेत्री मेघा बर्मन अरसे से एक दमदार किरदार की तलाश में रही हैं। तमाम विज्ञापन फिल्मों और दक्षिण भारतीय फिल्मों में दिख चुकी मेघा बर्मन ने अमर उजाला के साथ फिल्म पंगा में अपने चुनाव की पूरी कहानी साझा की है। पढ़िए ये दिलचस्प कहानी, उन्हीं की जुबानी।
अपनी बात: जब स्क्रिप्ट हाथ में आई तो पता चला कि कंगना के साथ हो चुका है सेलेक्शन
“मैं ऑडिशन तो काफी समय से दे ही रही थी। लेकिन कह सकते हैं कि पंगा मुझे किस्मत से मिली। एक दिन कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से मुझे फोन आया कि एक कबड्डी खिलाड़ी का किरदार है और इसके लिए हम आपका ऑडिशन करना चाहते हैं। मुझे सीन समझाया गया जिसमें ज्यादा कुछ दिखाने के लिए था नहीं।
मुझे बताया गया कि फिल्म में कंगना रनौत हैं जिनकी रूममेट का किरदार मुझे निभाना है। मैं उसी दिन खेल का सामान बेचने वाली एक दुकान पर गई और भारतीय टीम की नीली वाली टी शर्ट खरीद ली। मेरा ऑडिशन काफी अच्छा गया लेकिन मेरे पास अगले दो महीने तक कोई फोन नहीं आया। फिर अचानक से एक दिन मुझे फोन आया कि आप शॉर्टलिस्ट कर ली गई हैं और फिल्म की निर्देशक अश्विनी अय्यर देखना चाहती हैं कि आप कबड्डी खेल सकती हैं कि नहीं?
अगले दिन जब मैं मैदान में पहुंची तो मैंने देखा कि बहुत से लोग आए हुए हैं जिसमें फिल्म के निर्माण और निर्देशन से जुड़े लोग भी शामिल थे। वहां और भी बहुत सी युवा लड़कियां आई हुई थीं जो कबड्डी का ऑडिशन दे रही थीं। उन्हें देखकर मुझे लगा कि वह कितनी असली लग रही हैं। फिर मेरे पास कबड्डी की कोच आईं और उन्होंने मुझसे मेरे अब तक किए काम के बारे में पूछा। मुझे अब तक कबड्डी के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया था। जो मैंने अपने स्कूल में सीखा था वही मुझे पता था। क्योंकि हर खेल की अपनी एक अलग वेशभूषा और चाल ढाल होता है जिसके बारे में मुझे बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। अगले तीन से चार दिन तक हमारी कोचिंग चली, जिसमें बताया गया कि कबड्डी किस तरह से खेली जाती है?
फिर एक सहायक निर्देशक मुझसे आकर मिले और उन्होंने मुझसे कहा कि आप शाम को फॉक्स के स्टूडियो में आ जाइए। मैं समय से पहुंच गई। वहां देखा मैंने फिल्म के सारे कलाकार और तकनीशियन मौजूद हैं। सबको पटकथा दी गई। मेरे हाथ में जब पटकथा आई तो उसपर मेरा नाम वाटरमार्क से लिखा हुआ था। ऋचा मेरे पास में बैठी थीं। मैं उनकी तरफ मुड़ी और मैंने बोला कि मुझे यह फिल्म मिल गई। वह बोलीं, हां बिल्कुल। बधाई हो। ये ऐसा था जो मैंने कभी सोचा भी नहीं था और अचानक से हो गया। मुझे किसी ने मेरे सेलेक्शन के बारे में अलग से नहीं बताया।”
रामयुग में इस अभिनेत्री को मिला मंदोदरी का किरदार, छोटे परदे की रही हैं दमदार कलाकार
