आशा भोसले (Asha Bhosle) की गायिकी और उनकी कोयल जैसी आवाज से तो सभी रूबरू हैं ही लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि आशा जी एक कमाल की डांसर भी हैं। दरअसल, इन दिनों आशा जी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह खूब डांस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो देखने के बाद हर कोई हैरत में पड़ गया है कि 88 साल की उम्र में भी आशा भोसले ऐसा डांस कर लेती हैं।
'एक पल का जीना' पर ऋतिक रोशन की तरह डांस करती नजर आईं आशा भोसले, देखें वायरल वीडियो
कहते हैं उम्र तो सिर्फ एक नंबर है, इंसान की उम्र तो उसकी जिंदादिली से मापनी चाहिए। आशा जी इस वीडियो में इस बात को साबित भी करती दिखाई दे रही हैं। आशा जी का जो डांस वीडियो वायरल हो रहा है उसमें वह ऋतिक रोशन के मशहूर गाने एक पल का जीना पर उनका सिग्नेचर स्टेप करती नजर आ रही हैं। फैंस को यह वीडियो काफी पसंद आ रहा है और जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
सिलेब्रिटीज से लेकर फैंस तक आशा भोसले को इस तरह डांस करते देख अपनी आंखों पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। एक यूजर ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'बहुत ही प्यारी लग रही हैं, मैम।' वहीं कई यूजर्स ने तो आशा जी की जिंदादिली और जोश की तारीफ की और उन्हें 'रॉकस्टार' भी बताया। वहीं कुछ यूजर्स का तो कहना है कि हमें यकीन ही नहीं हो रहा है कि आशा भोसले इस उम्र में भी ऐसा डांस कर रही हैं।
बता दें कि यह वीडियो काफी पुराना लग रहा है। यह एक कॉन्सर्ट का वीडियो है जहां मौजूद लोग भी आशा के इस अवतार को देख हैरान नजर आ रहे हैं। 88 साल की उम्र में आशा भोसले का यह अंदाज वास्तव में हैरान कर देने वाला है।
गौरतलब है कि आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को हुआ था। वे अब तक हजारों फिल्मों गाने गा चुकी हैं। उन्होंने फिल्मी पॉप से लेकर गजल, भजन, इंडियन क्लासिकल म्यूजिक और क्ववाली तक गाई हैं। संगीत के इतिहास में सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाली सिंगर के तौर पर आशा भोसले का नाम गिनेज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। साल 2000 में आशा भोसले को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड और पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया था।