आयुष्मान खुराना हिंदी फिल्म जगत में एक के बाद एक हिट फिल्म देने के बाद सफलता के शिखर पर पहुंच चुके हैं। हाल में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'बाला' को दर्शकों ने खूब प्यार दिया है। तीन हफ्ते में 'बाला' ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। सामने आए ताजा बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने अब तक कुल 100.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके साथ ही आयुष्मान की यह लगातार सातवीं हिट फिल्म बन गई है। 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने के साथ ही 'बाला', 'बधाई हो' और 'ड्रीम गर्ल' के बाद आयुष्मान की तीसरी 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्म बन गई है।
100 करोड़ क्लब में शामिल हुई बाला, आयुष्मान खुराना ने ऐसे किया रिएक्ट
खुद को कहा खुशनसीब
फिल्म की सफलता पर आयुष्मान भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। अपनी खुशी साझा करते हुए उन्होंने कहा, 'सभी कलाकार की यह चाहत होती है कि उनकी फिल्म अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और उनका मनोरंजन करने के साथ ही कुछ संदेश दे या फिर किसी मुद्दे पर सोचने को मजबूर करे। मैं अपने आपको खुशनसीब मानता हूं कि मेरे हाथ लगातार अच्छी स्क्रिप्ट्स लग रही है जिसपर मैं पूरी मेहनत कर रहा हूं और वह दर्शकों को भी पसंद आ रही है।'
'बाला' की सफलता सिनेमा के लिए खास
आयुष्मान ने आगे बताया, 'मुझे लगता है कि हिंदी फिल्म जगत को पनपने और विकसित करने के लिए फिल्मों की अच्छी कमाई करना बेहद जरूरी है। इस वजह से फिल्म के 100 करोड़ रुपये की कमाई मेरे नीजि कीर्तिमान से कहीं अधिक फिल्म जगत के विकास में योगदान देने के लिए महत्वपूर्ण है। इस प्रक्रिया में दर्शकों को कुछ अच्छी फिल्में परोसना भी काफी अहम है।'
सफलता में टीम की अहम भूमिका
आयुष्मान के अनुसार, 'बाला देश को अहम संदेश देने वाली एक खास फिल्म है इस वजह से फिल्म और मुझे दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया भी काफी खास हो जाती है। मुझे जो प्रशंसा मिली है उससे मैं खुद को काफी खुशनसीब महसूस कर रहा हूं। जब मुझे लगता है कि किसी स्क्रीप्ट को सिल्वर स्क्रीन के जरिए दर्शाना अहम होता है तो मैं उस स्क्रीप्ट पर अपना सर्वोत्तम देता हूं। इसके साथ ही आयुष्मान की फिल्म की सफलता का श्रेय फिल्म के अपने सह कलाकार भूमि पेडनेकर, यामी गौतम, निर्देशक अमर कौशिक और निर्माता दिनेश विजान को दिया है।
