अपने हुनर के दम पर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाले सितारों में से एक आयुष्मान खुराना, अपनी यूनिक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वह ज्यादातर लीग से अलग हटकर सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाते हैं और लाइमलाइट में आ जाते हैं। इस समय आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म 'अनेक' को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। अभिनेता अपनी यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत के नॉर्थ ईस्ट के मुद्दो पर आधारित है। यह हमारे भारत का एक ऐसा हिस्सा है, जिसे बहुत कम फिल्म निर्माताओं ने एक्सप्लोर किया है। 'अनेक' फेम आयुष्मान खुराना ने हाल ही में एक अपनी आगामी फिल्म को फिल्माने से लेकर उसकी और बहुत सी चीजों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने यह खुलासा भी किया कि वह नॉर्थ ईस्ट के बारे में क्या महसूस करते हैं।
Anek: आयुष्मान खुराना ने 'अनेक' को लेकर किए कई खुलासे, बोले- 'हमनें नॉर्थ ईस्ट के लोगों को इग्नोर किया है"
अपनी फिल्म के बारे में विस्तार से बताते हुए, आयुष्मान ने कहा कि "फिल्म नॉर्थ ईस्ट पर आधारित है। अनेक हमारे देश के साथ नॉर्थ ईस्ट को एकजुट करने के विषय पर बनी है, जिस मुद्दे को बहुत सारी फिल्मों में नहीं दिखाया गया है। इस क्षेत्र पर हमारी इंडस्ट्री में फिल्में नहीं बनाई गई हैं। लेकिन हमारी यह फिल्म भारत के इस क्षेत्र के बारे में बताएगी। फिल्म में नॉर्थ ईस्ट के अभिनेता और अभिनेत्रियां भी शामिल हैं।"
नॉर्थ ईस्ट में हुई घटना 'निराशाजनक'
नॉर्थ ईस्ट के लोगों ने जिस नस्लवाद का सामना किया है उसे 'निराशाजनक' बताते हुए, आयुष्मान ने कहा, "यह एक बहुत ही अलग फिल्म है, जिसे भारतीय सिनेमा ने अतीत में नहीं देखा होगा। हमने सचमुच अपने देश के नॉर्थ ईस्ट को नजरअंदाज कर दिया है और जिस तरह के नस्लवाद का उन्होंने सामना किया है, मुझे लगता है कि यह बहुत निराशाजनक है। फिल्म देखने के बाद देश के लोग महसूस करेंगे कि 'वह क्या गलत कर रहे हैं।"
सामने आया फिल्म का ट्रेलर
आज यानी 5 मई को फिल्म का ट्रेलर रिलीज करते हुए आयुष्मान खुराना ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, "भाषा अनेक, संस्कृति अनेक, वेश अनेक.. लेकिन देश का जज्बा सिर्फ एक - जीतेगा कौन? हिंदुस्तान!" 'अनेक' में आयुष्मान 'आर्टिकल 15' के निर्देशक अनुभव सिन्हा के साथ फिर से काम करते हुए दिखाई देंगे। आयुष्मान के अलावा, फिल्म में नॉर्थ ईस्ट के कई अभिनेताओं ने भी काम किया है। इनके साथ-साथ फिल्म की स्टार कास्ट में दिग्गज कलाकार मनोज पाहवा और कुमुद मिश्रा भी शामिल हैं।