कार्तिक आर्यन इस समय बी-टाउन के सबसे सफल कलाकारों में से एक हैं, जो बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपने करियर की गाड़ी को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं। अभिनेता ने अपने करियर ग्राफ में बहुत सी बेहतरीन फिल्में की हैं, जिनमें उनकी अदाकारी की तारीफ न केवल दर्शकों ने, बल्कि समीक्षकों ने भी दिल खोलकर की है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि सफलता की सीढ़ी चढ़ने के बाद भी कई बार कार्तिक की तुलना और अभिनेताओं से की जाती है। ऐसा ही कुछ इस समय सोशल मीडिया पर उनके साथ किया जा रहा है और हो भी क्यों न, जब बात बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार अक्षय कुमार के निभाए किरदार की हो तो ऐसा होना लाजिमी भी है। इस समय कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और निर्देशक अनीस बज्मी अपनी आगामी फिल्म 'भूल भुलैया 2' का जमकर प्रमोशन कर रहे हैं। फिल्म की पूरी टीम इस आगामी हॉरर कॉमेडी का प्रमोशन करने दिल्ली पहुंची तो अमर उजाला के पत्रकारों ने कार्तिक आर्यन से इंटरनेट पर हो रही इस तुलना के बारे में जानने के लिए खास बातचीत की। आइए पढ़ते हैं उनसे हुई इस खास बातचीत के अंश...
Exclusive: क्या अक्षय कुमार की रची 'भूल भुलैया' में खो जाएंगे कार्तिक आर्यन? जानिए क्या सोचते हैं अभिनेता
क्या है पूरा माजरा?
अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी इस फैमिली इंटरटेनर हॉरर कॉमेडी का ट्रेलर जब से सामने आया है, तभी से दर्शक कार्तिक की तुलना साल 2007 में आई फिल्म 'भूल भुलैया' में अक्षय कुमार के किरदार से कर रहे हैं। इसके पीछे की वजह यह है कि फिल्म के ट्रेलर में कार्तिक का किरदार अक्षय के निभाए किरदार से मिलता-जुलता लग रहा है। कार्तिक और अक्षय के किरदार के बीच की समानता के साथ ही सोशल मीडिया पर नेटिजन्स फिल्म की कहानी और कॉन्सेप्ट पर भी सवाल उठा रहे हैं। दरअसल, 'भूल भुलैया 2' प्रियदर्शन की फिल्म 'भूल भुलैया' का सीक्वल है, जिसमें अक्षय कुमार मनोचिकित्सक डॉ. आदित्य श्रीवास्तव के किरदार में नजर आए थे। 20 मई को रिलीज होने वाली फिल्म में कार्तिक भी एक ऐसे ही डॉक्टर का किरदार निभाते हुए नजर आने वाले हैं।
कुछ ऐसा था कार्तिक का रिएक्शन
इस इंटरव्यू में जब कार्तिक से पूछा गया कि 'भूल भुलैया 2' में सभी आपकी तुलना अक्षय कुमार से कर रहे हैं, क्या आपको उनके नाम और फेम से फिल्म को करने में किसी दिक्कत का सामना करना पड़ा? कार्तिक ने बड़ी शालीनता से इसका जवाब देते हुए कुछ ही शब्दों में सबके दिलों में उठ रहे सवालों को शांत कर दिया। अभिनेता ने कहा, " दोनों किरदारों की तुलना करना बिल्कुल गलत है और किसी को भी इनकी तुलना नहीं करनी चाहिए। मैं खुद इन दोनों की तुलना कभी नहीं करना चाहता, क्योंकि अक्षय कुमार द्वारा निभाया गया वह किरदार बहुत ही अच्छा था। वह कैरेक्टर जिस तरीके से अक्षय कुमार ने निभाया, उसको कोई कभी वैसे नहीं निभा सकता, जैसे उन्होंने निभाया था। मेरा किरदार फिल्म में बिल्कुल नया है और इसे बिल्कुल नए तरीके से ही लिखा गया है। किरदार ही नहीं फिल्म की स्टोरी भी बिल्कुल नए तरीके से लिखी गई है। इसके कॉमेडी से लेकर हॉरर सीन तक हर एक चीज बिल्कुल नई है। अनीस सर ने इस फिल्म को अपने ढंग से पेश किया है। फिल्म को देखने का मेरा नजरिया वैसा ही था, जैसा किसी नई फिल्म के लिए होता है। वैसे तो फिल्म के सीक्वल होने की वजह से तुलना होना मामूली सी बात है, लेकिन फिर मेरी कोशिश यही थी कि मेरे किरदार की एक अपनी पहचान हो और लोग उसे समझें भी।"
कार्तिक की सलाह है कि हमें 20 मई को यह फिल्म जरूर देखने जाना चाहिए। फिल्म के बारे में वह बोले,"बहुत समय बाद सिनेमाघरों में पूरे परिवार के लिए एक फिल्म आ रही है, जो एक क्लीन कॉमेडी फिल्म होने के साथ ही दर्शकों को हॉरर का मजा उठाने का मौका भी देगी। इस फिल्म को आप जितने लोगों के साथ देखने जाएंगे उतना ही अच्छा होगा, क्योंकि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे आप अपने दोस्तों और परिवार दोनों के साथ देख सकते हैं। फिल्म 'भूल भुलैया 2'आपको हंसने पर मजबूर कर देगी।"