फिल्म जगत में कई ऐसे कलाकार मौजूद हैं, जो बॉलीवुड में अलग-अलग बैकग्राउंड और क्षेत्र से आकर फिल्मी दुनिया में अपनी किस्मत आजमाते हैं। वहीं, करियर बनाने की चाह में अक्सर युवा सरकारी नौकरी का सपना लिए इसे पूरा करने की चाहत रखते हैं। कई लोगों का मानना है कि अच्छा जीवन जीने के लिए सरकारी नौकरी एक शानदार जरिया है। लेकिन कहते हैं ना कि काम वही अच्छा जो मन को भाए। जी हां, इंडस्ट्री में ऐसे सितारे भी हैं, जिन्होंने एक्टिंग में अपना करियर बनाने के लिए सरकारी नौकरी से मुंह मोड़ लिया। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ कलाकारों के बारे में जिन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ थामा फिल्म इंडस्ट्री का हाथ-
बॉलीवुड: सरकारी नौकरी छोड़ इन अभिनेताओं ने फिल्म जगत में रखा कदम, कोई हुआ हिट तो कोई फ्लॉप
देव आनंद
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं में से एक देव आनंद आज भी कई लोगों के पसंदीदा कलाकारों में शामिल हैं। अपने दौर में सभी को अपने लुक्स और बेहतरीन अदाकारी से दीवाना बनाने वाले देव सहाब फिल्म जगत में आने से पहले सरकारी नौकरी किया करते थे। एक्टर ने उन दिनों मुंबई के सेंसर बोर्ड में बतौर क्लर्क काम किया था। इसके लिए उन्हें हर महीने 165 रुपये वेतन भी दिया जाता था। अपने शुरुआती समय में देवानंद एक सस्ते होटल में रहा करते थे, जो कि रेलवे स्टेशन के करीब ही था
जॉनी वॉकर
हिंदी सिनेमा के जाने- माने कॉमेडियन जॉनी वॉकर ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर बॉलीवुड में एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। अपनी दमदार कॉमेडी और टाइमिंग से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले जॉनी वॉकर एक समय में 26 रुपये प्रति महीने के वेतन पर मुंबई में बस कंडक्टर की नौकरी करते थे। दरअसल, एक्टर के पिता एक फैक्ट्री में मजदूर थे, जो फैक्ट्री बंद होने के बाद परिवार के साथ मुंबई आ गए थे। हालांकि, बाद में जॉनी वॉकर ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने हुनर के दम पर सभी की वाहवाही लूटी।
अमरीश पुरी
हिंदी फिल्मों के मशहूर खलनायकों में से एक अमरीश पुरी ने अपने करियर में करीब 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। हालांकि, बहुत ही कम लोगों को यह पता होगा कि अभिनय की दुनिया में आने से पहले अभिनेता बीमा निगम में एक क्लर्क की नौकरी किया करते थे। अमरीश पुरी भले ही आज हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी बेहतरीन अदाकारी अब भी सभी के जहन में जिंदा है।
शिवाजी साटम
टेलीविजन के पॉपुलर शो सीआईडी में एसीपी प्रद्युमन का किरदार निभाने वाले अभिनेता शिवाजी साटम इस शो के बाद घर-घर पहचाने जाने लगे। टीवी के अलावा वह कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। हालांकि, एक्टर फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले एक बैंक में बतौर कैशियर काम किया करते थे। इसके बाद उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ कर अभिनय जगत में कदम रखा।
