यह बात सभी जानते हैं कि अमिताभ बच्चन अपने सोशल मीडिया फॉलोवर्स को लेकर कितने संजीदा हैं। जब भी उनकी तादाद कम होती है, वह सीधे कंपनी को ही धमकी दे डालते हैं। इन दिनों वह रूस में बेटे अभिषेक बच्चन के साथ फुटबॉल वर्ल्ड कप का लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं रातों-रात माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने एक बार फिर उन्हें झटका दिया है। एक ही दिन में उनके चार लाख 24 हजार फॉलोवर्स कम हो गए हैं। हालांकि, यह 'सदमा' सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियों को भी मिला है।
ट्विटर का 'स्वच्छता अभियान' शुरू, रातों रात घटे बिग बी के लाखों फॉलोवर्स, इन एक्टर्स को भी दिया झटका
शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के करीब तीन लाख ट्विटर फॉलोवर्स घट गए हैं। इस फेहरिस्त में दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा और अक्षय कुमार का भी नाम शामिल है। ट्विटर फॉलोवर्स की तादाद पर नजर बनाने वाले SocialBlade.com के अनुसार शाहरुख खान को 362,141 फॉलोवर्स और सलमान खान को 340,884 फॉलोवर्स का नुकसान हुआ है।
आमिर खान को 316,900 फॉलोवर्स तो वहीं प्रियंका चोपड़ा को 354,830 और दीपिका पादुकोण को 288,298 फॉलोवर्स का नुकसान हुआ है। दिव्या दत्ता ने फॉलोवर्स की तादाद कम होते ही लिखा-
Aiyyo what happened @Twitter ?? Sudden drop of thousands of followers in one hr!!
इस वजह से कम हुई फॉलोवर्स की तादाद
दरअसल,माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर फर्जी, लॉक किए गए और बॉट अकाउंट्स (यानि रोबो अकाउंट्स) को हटाने के अभियान में जुटा है। बुधवार को ही कंपनी की ओर से इसकी घोषणा कर दी गई थी। ट्विटर अधिकारी विजया गड्डे ने ब्लॉग पोस्ट में लिखा, 'ट्विटर पर कई लोगों के फॉलोवर्स की तादाद कम हो सकती है। हम समझ सकते हैं यह कुछ लोगों के लिए मुश्किल भरा हो सकता है। मगर हम सत्यता और पारदर्शिता में यकीन रखते हैं ताकि ट्विटर सार्वजनिक संवाद के लिए विश्वसनीय माध्यम बन सके।'
सिर्फ बॉलीवुड नहीं बल्कि राजनीति, खेल जगत की हस्तियों के भी ट्विटर फॉलोवर्स कम हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भी करीब तीन लाख फॉलोवर्स कम हो गए हैं। वहीं अंतर्राष्ट्रीय पॉप सिंगर केटी पेरी के 28 लाख फॉलोवर्स घट गए।
