14 साल का वनवास और सीता को लेकर राम की घर वापसी। त्रेता युग में राम की घर वापसी का उत्सव अब भी पूरी दुनिया में दिवाली के नाम से मनाया जाता है। समय बदला। रीतियां बदलीं लेकिन दिवाली पर दुनिया रोशन करने की परंपरा अब भी कायम है। कोरोना संक्रमण के दौरान लंबा संकट झेलने के बाद टीवी सितारों के घर भी इस बार दिवाली की दमक दिख रही है। पिछली दिवाली भले लोगों की फीकी गई हो लेकिन अब मुंबई और आसपास के शहरों में शुरू हो चुकी धारावाहिकों की शूटिंग ने फिर से लोगों की जेबों में पटाखे भर दिए हैं। टीवी सितारे खुश हैं। चहक रहे हैं और इस बार दिवाली में पिछले साल की कसर भी पूरी करते दिख रहे हैं लेकिन सावधानी के साथ। कोरोना अभी गया नहीं है। बाहर निकलने समय मास्क लगाने की हिदायत देने के साथ साथ ये सितारे और क्या कह रहे हैं आइए देखते हैं....
Diwali 2021: सितारों के घर सजे दीये, तुषार दलवी बोले, दूसरों की जिंदगी रोशन करना ही असली दिवाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी के बाद की पहली दिवाली
धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ में प्रिया की भूमिका निभा रहीं दिशा परमार कहती हैं, "शादी के बाद ये मेरी पहली दिवाली है और मैं वाकई इसके लिए उत्सुक हूं। मैं सभी उत्सवों को सिंपल और परिवार तक सीमित रखती हूं। हम दीये जलाएंगे, घर को फूलों से सजाएंगे और निश्चित रूप से रंगोली बनाएंगे। मेरे लिए रंगोली के बिना दिवाली अधूरी है। मैंने हमेशा अपने परिवार और दोस्तों के साथ दिवाली मनाई है और इस बार भी कुछ अलग नहीं है, लेकिन ये थोड़ा स्पेशल होगा क्योंकि यह शादी के बाद मेरी पहली दिवाली है, जहां लज़ीज़ खाना और ढेर सारी मिठाइयां होंगी। दिवाली के साथ ही मुझे लगता है कि लोगों को ये समझना चाहिए और पर्यावरण सुरक्षा में हिस्सा लेना चाहिए और पटाखे नहीं जलाना चाहिए।"
परंपराओं में ही असली संस्कार
'बड़े अच्छे लगते हैं 2' में ही नंदिनी का रोल निभा रहीं शुभावी चोकसी कहती हैं, ''चाहे मेरी मां को सुंदर रंगोली बनाते हुए देखना हो या पापा को पूरे घर में रोशनी करते देखना, बचपन से ही मेरे लिए दिवाली एक खास त्यौहार रहा है। मैंने परंपराओं को हमेशा माना और मुझे अपने घर को सजाना, दीये जलाना और रंगोली बनाना पसंद है क्योंकि मेरा मानना है कि दिवाली खुशियां, उमंग और सकारात्मकता की भावना जगाती है। हर साल की तरह इस साल भी धनतेरस पर घर में पूजा होगी। मैं सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहती हूं।"
दूसरों की जिंदगी रोशन करना ही दिवाली
'मेरे साईं : श्रद्धा और सबुरी' में साईं का रोल निभा रहे तुषार दलवी कहते हैं, "मुझे रोशनी का यह त्यौहार बड़ा प्यारा लगता है और मैं अपनी बैठक और बरामदों को दीयों से सजाता हूं। व्यक्तिगत तौर पर मैं पटाखों के इस्तेमाल के खिलाफ हूं और ये मानता हूं कि इसके बजाय लोगों को दीये जलाने चाहिए और अपने चाहने वालों के साथ बढ़िया वक्त गुजारना चाहिए। हमें अपने पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए और ऐसे काम करने से बचना चाहिए, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो। दूसरों की ज़िंदगियों को रोशन करके ही हमें सही मायनों में दिवाली का यह त्यौहार मनाना चाहिए। आप सभी को सुरक्षित और समृद्ध दिवाली की शुभकामनाएं।"
दोस्तों के साथ ही असली दिवाली
'बड़े अच्छे लगते हैं 2' में विक्रांत की भूमिका निभाने वाले अभिनव कपूर कहते हैं, "सबसे पहले, मैं सभी दर्शकों को दिवाली और एक समृद्ध नव वर्ष की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं आशा करता हूं कि यह दिवाली सभी के लिए अच्छा स्वास्थ्य और धन लेकर आए। मेरे लिए दिवाली हमेशा अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का अवसर रहा है। इस बार भी ऐसा ही होने जा रहा है। हम बहुत सारे अलग-अलग फूड आइटम्स और ढेर सारी मिठाइयां खाएंगे और कार्ड खेलने का मजा लेंगे।"