हिंदी सिनेमा के पिछली सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आखिरकार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की मदद के लिए सामने आ ही गए। जब से देश में कोरोना वायरस की वजह से हालात खराब हुए हैं, तभी से अमिताभ बच्चन से मदद की गुहार लगाई जा रही है। अंत में ना सिर्फ वह सामने आए हैं, बल्कि अपने साथ वे सिनेमा के कई बड़े अभिनेता और अभिनेत्रियों को भी साथ लेकर आएं।
एक लाख लोगों को महीने भर खाना खिलाएंगे बिग बी और उनके साथी, पड़ोस की इस दुकान से मिलेगा मुफ्त राशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना की अभूतपूर्व स्थिति को समझते हुए अमिताभ बच्चन ने एक पहल शुरू की है, जिसका नाम 'वी आर वन (हम एक हैं)' है। इस पहल को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स और कल्याण ज्वेलर्स ने समर्थन दिया है। इस पहल के जरिए देश के लाख दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को एक महीने तक राशन मुहैया कराया जाएगा। इस पहल के तहत कुछ किराने की दुकानों और सुपर मार्केटों से हाथ मिलाया गया है, जिनके माध्यम से वे कर्मचारियों तक राशन की व्यवस्था करेंगे। उन किराने की दुकानों से या सुपरमार्केट्स से सामान खरीदने के लिए कर्मचारियों को एक डिजिटल बारकोड कूपन किया जाएगा, जो उनके राशन प्राप्त करने में पैसे का काम करेगा। इसके अलावा जरूरतमंदों को कुछ पैसे भी मुहैया कराए जाने की योजना है।
इस बारे में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर एनपी सिंह ने कहा, 'हम सभी एक साथ इस महामारी से जूझ रहे हैं। इसलिए सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स ने अमिताभ बच्चन की फिल्म और टेलीविजन के दैनिक वेतन भोगियों की मदद करने की मुहिम में साथ देने का वादा किया है। हम कम से कम 50 हजार कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक महीने तक राशन मुहैया कराना सुनिश्चित करते हैं।'
वहीं कल्याण ज्वेलर्स के एमडी और चेयरमैन टीएस कल्याणारामन ने कहा, 'यह हमारी परीक्षा का वक्त है इसीलिए हमने अमिताभ बच्चन और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के साथ मिलकर 50 हजार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक महीने तक का राशन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।'
इस मुहिम के तहत अमिताभ बच्चन ने प्रसून पांडे के निर्देशन में एक शॉर्ट फिल्म 'फैमिली' भी बनाई है, जिसमें अमिताभ बच्चन के अलावा रजनीकांत, रणबीर कपूर, प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, चिरंजीवी, मोहनलाल, ममूटी, सोनाली कुलकर्णी, शिवा राजकुमार, प्रोसेनजीत चटर्जी और दिलजीत दोसांझ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए ये सभी अभिनेता लोगों को घर पर रहने की, सुरक्षित रहने की, लगातार हाथ धोने की, घर से काम करने की और एक दूसरे से अलग रहने की हिदायत देते हुए दिखेंगे। इस शॉर्ट फिल्म का प्रसारण 6 अप्रैल यानी सोमवार को सोनी के सभी चैनलों पर एक साथ रात नौ बजे किया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X