देश में बढ़ते कोरोना वायरस से मामलों को देखते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की समय सीमा को बढ़ा दिया है। अब पूरे देश में तीन मई तक लॉकडाउन रहेगा। देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देशवासियों की सुरक्षा को देखते हुए लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ाया जा रहा है। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि 20 अप्रैल तक लॉकडाउन का कठोरता से पालन होना चाहिए और राज्यों में कोरोना वायरस का कोई केस नहीं मिलने पर उनके लिए लॉकडाउन में छूट दी जाएगी।
तीन मई तक पीएम मोदी ने बढ़ाया लॉकडाउन तो 'सीता' ने बताया सही, लोगों से कहा- 'न पार करें लक्ष्मण रेखा'
पीएम मोदी की इस अपील का देश की कई हस्तियों ने समर्थन किया है। इन दिनों अपने रामायण सीरियल को लेकर सुर्खियां बटोरने वालीं मशहूर अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने भी पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की मियाद को बढाया जाना सही फैसला बताया है। साथ ही उन्होंने अपने फैंस और देश की जनता से अपील की है कि पीएम मोदी के निर्देशों को मानते हुए तीन मई तक लॉकडाउन का ईमानदारी से पालन करें।
दीपिका चिखलिया ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में लॉकडाउन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा,' पीएम मोदी ने 20 अप्रैल तक सख्ती से लॉकडाउन का पालन करने की बात कही है। उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि हम लोग अभी भी बेवजह बाहर निकलते हैं। किसी न किसी वजह से बाहर निकलने की कोशिश करते हैं। हमें ये तुरंत बंद कर देना चाहिए। हमें परिवार और देश की सुरक्षा के बारे में सोचना चाहिए।
दीपिका चिखलिया ने आगे कहा, अगर हम बाहर निकलना बंद करेंगे तो कोरोना वायरस जल्द खत्म हो जाएगा। अन्य देशों के मुकाबले हमारी स्थिति अच्छी है, लेकिन अभी भी पूरी तरह काबू में नहीं है। प्रधानमंत्री की सभी सात गाइडलाइन का मानना बहुत जरूरी है। उनकी कुछ गाइडलाइन मुझे बहुत अच्छी लगीं। सबसे पहले, अगर आपके घर में कोई बुजुर्ग है तो उनका खास ध्यान रखें। दूसरी, अपनी इम्युनिटी बढ़ाकर रखिए। तीसरी, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों का सम्मान करें।
लक्षण रेखा का जिक्र करते हुए दीपिका ने आगे कहा, 'कोरोना के खिलाफ हमारा सहयोग सिर्फ इतना ही है कि हमें घर में रहना है। प्रधानमंत्री ने एक लक्ष्मण रेखा खींची है और हमें इस लक्ष्मण रेखा को मानना चाहिए। प्रधानमंत्री ने खुद कहा कि हमें इस लक्ष्मण रेखा का बिल्कुल भी उल्लंघन नहीं करना है।' सोशल मीडिया पर दीपिका चिखलिया का ये वीडियो काफा वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि दीपिका चिखलिया ने रामानंद सागर के रामायण सीरियल में सीता की भूमिका निभाई थी।
पढ़ें: शाहरुख के बाद अब गौरी आईं मदद के लिए आगे, 95 हजार भोजन के पैकेट बटवाकर कहा- 'अभी और भी ऐसे काम होने हैं'
