युवा अभिनेता वरुण धवन अपनी पिछली कुछ फिल्मों से कुछ सीखने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए, पर्दे पर अलग अलग प्रयोग करने के लिए किरदार खोजने की बजाय वह कुछ बेहतरीन कहानियां तलाशने में जुटे हुए हैं। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक विभिन विषयों पर आधारित किरदारों को नकारने के बाद वरुण ने अमर कौशिक की एक हॉरर कॉमेडी फिल्म के लिए हामी भर ली है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजन करेंगे और इसका नाम बताया जा रहा है 'भेड़िया'।
वरुण धवन ने साइन की स्त्री के डायरेक्टर की नई फिल्म, श्रीराम राघवन की फिल्म ठंडे बस्ते में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव और अपारशक्ति खुराना की फिल्म 'स्त्री' के सुपरहिट हो जाने के बाद अमर कौशिक और दिनेश विजन को हॉरर कॉमेडी फिल्मों की लत सी लग गई है। राजकुमार राव और जान्हवी कपूर के साथ वह 'रूही अफजाना' का निर्माण कर रहे हैं और अब उन्होंने वरुण धवन के साथ भी यह एक हॉरर कॉमेडी फिल्म करने की योजना बना ली है। इस प्रोजेक्ट पर वरुण से उनकी बातचीत पिछले लगभग पांच से छह महीने से चल रही थी। अब जाकर उनमें आपसी सहमति बन गई है। चूंकि अभी 'रूही अफजाना' का रिलीज होना बाकी है इसलिए दिनेश इस फिल्म की न तो आधिकारिक घोषणा करने की जल्दी में नहीं हैं और न ही फिल्म को बनाने की।
वरुण धवन का इस साल नाम दो चीजों के लिए सामने आया। एक, उनकी साल की शुरुआत में रिलीज हुई फिल्म 'स्ट्रीट डांसर 3डी' के लिए और दूसरा, उनकी लंबे समय से गहरी दोस्त रही नताशा दलाल के साथ प्रस्तावित शादी के लिए। फिल्म तो रिलीज होकर औसत कमाई करके पीछे हट गई और शादी की बात कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के कारण आगे बढ़ गई। अब जब लॉकडाउन खत्म हो चुका है तो वरुण एक बार फिर से हरकत में आते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ ही दिन पहले खबर आई थी कि वरुण ने कियारा आडवाणी, अनिल कपूर और नीतू सिंह के साथ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म साइन की है। इस फिल्म का निर्देशन राज मेहता करने वाले हैं। यह फिल्म फिलहाल प्री प्रोडक्शन में है और इस साल नवंबर से ही इसकी शुरुआत हो जाएगी।
इस लॉकडाउन के दौरान वरुण को कई फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों से ऑफर मिले हैं लेकिन वह हर कदम अब फूंक-फूंक कर रखना चाहते हैं। फिल्म 'केसरी' के निर्देशक अरुण सिंह ने साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनने वाली एक फिल्म के लिए वरुण को पूछा। लेकिन, उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। वहीं, राज शांडिल्य ने भी वरुण के लिए एक कॉमेडी फिल्म लिखी लेकिन बात नहीं बनी। यहां तक कि वरुण शाहरुख खान के प्रोडक्शन में बनने वाली एक दक्षिण भारतीय फिल्म के रीमेक के लिए भी मना कर चुके हैं। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में रिलीज हुई उनकी फिल्मों जैसे; अक्टूबर, सुई धागा, कलंक ने उन्हें थोड़ा सोचने पर मजबूर कर दिया। इसलिए वह अपने किरदार से ज्यादा फिल्म की कहानी पर ध्यान दे रहे हैं।
वैसे तो वरुण का नाम लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल की जिंदगी की कहानी पर आधारित फिल्म 'इक्कीस' से भी जुड़ा हुआ है। इस फिल्म को श्रीराम राघवन बनाने वाले हैं। चूंकि यह एक वॉर ड्रामा फिल्म है इसलिए मौजूदा स्थिति में इस फिल्म को बनाना मुमकिन नहीं है। वरुण की योजना है कि पहले वह राज मेहता की फिल्म करेंगे। उसके बाद अमर कौशिक की फिल्म पर आएंगे। तब वह श्रीराम राघवन के साथ काम करेंगे।