दिबाकर बैनर्जी...2006 में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले निर्देशक दिबाकर बैनर्जी का नाम उन डायरेक्टर्स की सूची में गिना जाता रहा है, जिन्होंने बॉलीवुड में उल्लेखनीय बदलाव लाने की कोशिश की। वह दिबाकर बैनर्जी ही थे, जिन्होंने मुंबई और उसके आसपास की कहानियों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास किया। और दर्शकों को 'खोसला का घोसला', 'लव सेक्स और धोखा' जैसी बेहतरीन फिल्में दी। हालांकि इंडस्ट्री में आने के कुछ सालों बाद निर्देशक ने सोलो फिल्में बनाना छोड़ दिया और यश राज फिल्म्स के साथ तीन फिल्में करने का कॉन्ट्रेक्ट कर डाला। शायद यह कदम उनकी जिंदगी का सबसे गलत कदम था। क्योंकि इसके बाद से ही दिबाकर बैनर्जी की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने लगीं। जी हां, यश राज फिल्म्स के साथ ने इस निर्देशक के उभरते करियर पर लगातार फ्लॉप फिल्में देने का ठप्पा लगा दिया। पढ़िए हमारी रिपोर्ट...
Dibakar Banerjee: यश राज फिल्म्स का साथ मिलते ही पटरी से उतरी इस निर्देशक की गाड़ी, सुशांत से भी है कनेक्शन
खोसला का घोसला - हिट
खोसला का घोसला, 2006 में रिलीज हुई एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया है। जयदीप साहनी द्वारा लिखित इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, परवीन डबास, विनय पाठक, रणवीर शौरी और तारा शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म में कमल किशोर खोसला की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी जमीन को पुनः प्राप्त करने का प्रयास करता रहता है, जिसे एक बिल्डर खुराना ने जब्त कर लिया है। बता दें कि 3.75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर कुल 6.67 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
ओए लकी! लकी ओए! - फ्लॉप
ओए लकी! लकी ओए!, अभय देओल, परेश रावल, नीतू चंद्रा, मनु ऋषि, ऋचा चड्ढा, मनजोत सिंह और अर्चना पूरन सिंह अभिनीत 2008 में रिलीज हुई एक भारतीय कॉमेडी फिल्म है। इसका निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था। यह फिल्म देविन्दर सिंह उर्फ बंटी के वास्तविक जीवन से प्रेरित है। 12 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुल 9.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं वर्ल्डवाइड 10.04 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
लव सेक्स और धोखा - ब्लॉकबस्टर
लव सेक्स और धोखा, दिबाकर बनर्जी द्वारा निर्देशित और बनर्जी - कानू बहल द्वारा लिखित 2010 में रिलीज हुई एंथोलॉजी ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में अंशुमान झा, नुसरत भरूचा, राजकुमार राव, नेहा चौहान, अमित सियाल, हेरी टांगरी और आशीष शर्मा सहित कई न्यू कमर्स ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसमें ऑनर किलिंग, एमएमएस स्कैंडल और स्टिंग ऑपरेशन के बारे में तीन अलग-अलग लेकिन आपस में जुड़ी कहानियां बताई गई हैं। 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 9.78 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
शंघाई (2012) - औसत
शंघाई, एक राजनीतिक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें इमरान हाशमी, फारूक शेख, अभय देओल, कल्कि कोचलिन और प्रोसेनजीत चटर्जी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी द्वारा किया गया है। यह 1969 की फ्रांसीसी फिल्म जेड की हिंदी रीमेक है। 23 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने केवल भारत में 24 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं वर्ल्डवाइड 35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।