रणवीर सिंह और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म 'गली ब्वॉय' को भारत की तरफ से ऑस्कर 2020 के लिए भेजा गया है। इस खबर के आने के बाद से फिल्म की निर्देशक जोया अख्तर और टीम के मेम्बर्स काफी खुश हैं। सोशल मीडिया पर लोग खुशी जाहिर कर रहे हैं। इस बीच फिल्म के दोनों लीड एक्टर का बयान आया है। जानिए क्या कहा रणवीर और आलिया ने...
Oscar 2020 में 'गली ब्वॉय' की एंट्री पर आया रणवीर और आलिया का रिएक्शन, जताई खुशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आलिया भट्ट ने कहा- 'फिल्म के रूप में गली ब्वॉय वास्तव में मेरे लिए बहुत खास है। इससे भी ज्यादा खास बात यह है कि इस फिल्म का सफर इतना लंबा चला है- फरवरी में रिलीज होने के बाद फिल्म मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में जीती। इसके बाद फिर इसे जापान में भी दिखाया गया। अब, इसे भारत की तरफ से ऑस्कर के लिए चुना गया है। इसलिए, मैं बस आशा करती हूं, प्रार्थना करती हूं कि हम इसे नामांकन में शामिल करें और फिर जीतें। यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। एक टीम के रूप में, हम बहुत उत्साहित हैं।'
आलिया के बाद रणवीर सिंह का भी इस पर बयान आया है। उन्होंने कहा- 'गली ब्वॉय ने सड़कों की आवाज को प्रतिध्वनित किया है। यह हमेशा मेरी सबसे करीब फिल्मों में से एक होगी। हमेशा की तरह, मैं हिंदी सिनेमा के झंडे को ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रयासरत रहूंगा। मैं इससे बहुत खुश हूं कि 'गली बॉय' की टीम द्वारा की गई मेहनत का उन्हें फल मिल रहा है। यह हमारी पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। मुझे विशेष रूप से गर्व है और जोया के लिए खुश हूं। असल में ये फिल्म उन्हीं की है और मुझे इसका हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला है। अपने प्रिय दर्शकों के प्यार और समर्थन के साथ, हम विश्व मंच पर एक महत्वपूर्ण चिह्न बनाने की उम्मीद कर रहे हैं।'
बता दें कि इस साल करीब 27 फिल्में ऑस्कर की दौड़ में थीं। लेकिन सर्वसम्मति से गली ब्वॉय को चुना गया। उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक, केसरी, बधाई हो, आर्टिकल 15 और अंधाधुन जैसी फिल्मों से लड़ाई के बाद गली ब्वॉय को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजा गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं।
वैसे तो ऑस्कर के लिए फिल्म भेजा जाना ही अपने आप में एक बड़ा सम्मान है। लेकिन गली ब्वॉय को पहले भी विदेश में कई सम्मान मिल चुके हैं। इससे पहले इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) में 'गली ब्वॉय' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिल चुका है। इसके साथ ही इसे दक्षिण कोरिया में 23वें बुकियॉन इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल (बीआईएफएएन) में नेटवर्क फॉर द प्रोमोशन ऑफ एशियन सिनेमा (एनईटीपीएसी) का अवॉर्ड भी मिल चुका है।