फिल्म 'हाउसफुल 5' की रिलीज के मौके पर अमर उजाला डिजिटल से ट्रेड एक्सपर्ट गिरीश वानखेड़े से बातचीत की। गिरीश के मुताबिक यह फिल्म अक्षय कुमार और साजिद नाडियाडवाला दोनों के लिए बड़ा चांस भी है और बड़ा रिस्क भी है। यह उनके करियर की दिशा बदल सकती है या फिर भारी नुकसान भी पहुंचा सकती है।
Housefull 5: अक्षय-साजिद की आखिरी बाजी, दो एंडिंग्स और 20 सुपरस्टार्स वाली फिल्म को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट?
Housefull 5 Expert View: पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड में कॉमेडी फिल्मों का दौर कम होता दिख रहा है। लेकिन ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी अभी भी मजबूती से खड़ी है। ‘हाउसफुल 5’ एक बड़ी स्टारकास्ट के साथ रिलीज हो रही है। बजट इतना बड़ा कि गलती की कोई गुंजाइश ही नहीं है। जानिए फिल्म पर एक्सपर्ट की राय?
15 साल की ब्रांड वैल्यू और अब तक की सबसे बड़ी कास्ट
गिरीश बताते हैं कि ‘हाउसफुल’ ने 2010 में शुरुआत करके सिर्फ एक हिट फिल्म नहीं बनाई, बल्कि एक ब्रांड खड़ा किया। 2012 में आई ‘हाउसफुल 2’ ने तो पहली फिल्म से कई गुना ज्यादा बिजनेस किया। इसके बाद ‘हाउसफुल 3’ और ‘हाउसफुल 4’ ने भी अच्छा कलेक्शन किया, भले ही डायरेक्टर बदले और फिल्म का टोन थोड़ा अलग हुआ लेकिन ब्रांड कभी टूटा नहीं।
अब पांचवीं फिल्म में ट्विस्ट यह है कि इसमें 20 बड़े नाम हैं। अक्षय कुमार, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ जैसे दिग्गज स्टार्स के साथ फिल्म रिलीज हो रही है। जब मैं पोस्टर देख रहा था, तो लगा जैसे पूरी इंडस्ट्री इस फिल्म में ही आ गई है। अगर यह फिल्म 300-350 करोड़ के बजट पर बनी है तो मेकर्स को ओपनिंग ही धमाकेदार देनी होगी, वरना नुकसान होना तय है।’
![]()
क्या 350 करोड़ का दांव सही है?
फिल्म ‘हाउसफुल 5’ का बजट 350 करोड़ रुपये है। क्या कॉमेडी फिल्म पर इतना बड़ा दांव लगाना सही है? इस सवाल पर गिरीश थोड़ा गंभीर होते हुए कहते हैं, ‘यह बड़ा रिस्क है। साजिद नाडियाडवाला की पिछली कई फिल्में फ्लॉप रही हैं। अक्षय कुमार की भी लगातार कई फिल्में चली नहीं। अगर ‘हाउसफुल 5’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी तो दोनों के करियर पर इसका बड़ा असर पड़ेगा।
आज के जमाने में लोग थिएटर जाने से पहले दस बार सोचते हैं। टिकट की कीमत, पॉपकॉर्न की कीमत, पार्किंग की समस्या। जब तक फिल्म में दमदार कंटेंट नहीं होगा, ऑडियंस इतना खर्च नहीं करना चाहती है इसलिए यह फिल्म सिर्फ स्टार पावर से नहीं बल्कि मजबूत कहानी से चलनी चाहिए।'
अक्षय कुमार के लिए ‘आखिरी मौका’?
क्या यह पूरी फिल्म अक्षय के कंधों पर टिकी है? इस पर गिरीश ने साफ कहा, ‘अक्षय कुमार की मार्केट वैल्यू पहले से गिरती जा रही है। अगर यह फिल्म भी हिट नहीं हुई तो उनकी पोजिशन और कमजोर हो जाएगी। ‘स्काई फोर्स’ ठीक-ठाक चली थी लेकिन वापसी का सबूत नहीं मिला। ‘हाउसफुल 5’ उनके लिए बड़ा मौका है लेकिन दबाव भी बहुत है।’
साजिद की नई चुनौती: हाउसफुल 5 से जुड़ी बड़ी उम्मीदें-जिम्मेदारियां
कॉमेडी थ्रिलर ‘हाउसफुल 5’ 6 जून 2025 को रिलीज होने जा रही है। इसमें अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन समेत कई बड़े सितारे हैं। यह फिल्म न सिर्फ एक ब्लॉकबस्टर बनने की उम्मीद है, बल्कि साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस, नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट (NGE) के लिए कोविड के बाद का सबसे बड़ा मोड़ भी हो सकती है।
कोविड के बाद से NGE ने सात फिल्में बनाई हैं लेकिन उनमें से सिर्फ ‘सत्यप्रेम की कथा’ ही हिट साबित हुई है। यहां उनके कोविड के बाद के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की एक झलक है-
- तड़प - ₹24.8 करोड़
- 83 - ₹102 करोड़
- बच्चन पांडे - ₹50.25 करोड़
- हीरोपंती 2 - ₹26.5 करोड़
- सत्यप्रेम की कथा - ₹80.35 करोड़
- चंदू चैंपियन - ₹65.50 करोड़
- सिकंदर - ₹129.95 करोड़
‘हाउसफुल 5’ के साथ NGE को कोविड के बाद 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में मदद मिल सकती है। इस फिल्म को सिर्फ 20.65 करोड़ रुपये की और कमाई करनी है, जो उनकी बड़ी उम्मीद वाली ओपनिंग डे में पूरी हो सकती है। लेकिन जिम्मेदारी बहुत बड़ी है।
375 करोड़ रुपये के भारी बजट वाली इस फिल्म को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 750 करोड़ रुपये कमाने होंगे ताकि इसे ‘हिट’ कहा जा सके। अगर ‘हाउसफुल 5’ 520.65 करोड़ रुपये कमाती है तो NGE का कोविड के बाद का कुल कलेक्शन ₹1000 करोड़ से भी ऊपर चला जाएगा, जो उनके लिए एक बड़ी सफलता होगी।
गिरीश ने आगे कहा, 'साजिद नाडियाडवाला की पिछली कई फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं हैं। इसलिए ‘हाउसफुल 5’ उनके लिए एक बड़ा दांव है, जो या तो उनकी किस्मत बदल देगा या फिर बड़ा झटका भी दे सकता है।'
